चिकित्सक बोले, रेमेडेसिविर इंजेक्शन के पीछे न भागें उपचाराधीनों के परिजन


मेरठ, 11 मई 2021। कोरोना के गंभीर उपचाराधीन बिना रेमेडेसिविर इंजेक्शन के भी ठीक हो रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है की उपचाराधीन को बचाने के लिए तीमारदार खुद ही इसके पीछे भाग रहे हैं, जिसकी वजह से इतनी अव्यवस्थाएं हो रही हैं। तीमारदारों को चाहिए कि बिना चिकित्सक की सलाह के इस इंजेक्शन के पीछे न भागें।
सोशल मीडिया पर मांग
इन दिनों सोशल मीडिया पर भी रेमेडेसिविर इंजेक्शन की मांग बहुत बढ़ गयी है। लोग ट्वीटर हैंडल पर जिले के प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रधानमंत्री तक को टैग कर इसकी मांग कर रहे हैं। बाजार में इस इंजेक्शन की उपलब्धता बहुत कम है, जिसकी वजह से इसकी कालाबाजारी की खबरें भी बहुत तेजी से सामने आ रही हैं। 
तीमारदार कर रहे मांग
चिकित्सकों का कहना है की पहली वेव के दौरान रेमेडेसिविर का प्रयोग किया गया था और इसके परिणाम भी बेहतर दिखाई दिए थे। दूसरी वेव में संक्रमण बहुत तेजी से फैल रहा है और उपचाराधीन अचानक से ही गंभीर रूप से इसकी चपेट में आ रहे हैं। उपचाराधीन की बिगड़ती हालत को देखकर तीमारदार ही चिकित्सकों पर यह दवा लिखने का दबाव डाल रहे हैं।
 गंभीर मरीजों के लिये जरूरत
जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक कौशलेन्द्र किशोर का कहना है कि रेमेडेसिविर एंटीवायरल ड्रग है और सीटी स्कोर 19 या उससे ज्यादा होने पर ही इसकी सिफारिश करते हैं। उनका कहना है कि हर उपचाराधीन की स्थिति अलग होती है ओैर उसकी रिपोर्ट और ऑब्जर्वेशन के बाद ही किसी दवा की सिफारिश की जाती है। कुछ बहुत गंभीर मरीजों में ही इस दवा का उपयोग किया जा सकता है। हर उपचाराधीन को इसकी जरूरत नहीं है।
बोले चिकित्सक
 “उपचाराधीन की स्थित और उसकी बॉडी ऑब्जर्वेशन के हिसाब से ही चिकित्सक दवा रिकमंड करता है। रेमेडेसिविर हर उपचाराधीन के लिये नहीं है। दवा उपलब्ध करवाने के लिए चिकित्सक का पर्चा और रिपोर्ट मांगी जा रही है।”
  डा. अखिलेश मोहन मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मेरठ।
  “मेडिकल में  भर्ती कोविड-19 के बहुत गंभीर उपचाराधीन भी बिना रेमेडेसिविर के ही ठीक हुए हैं। अधिकतर मामलों में उपचाराधीन के अटेंडेंट ही रेमेडेसिविर इंजेक्शन को लगवाने की जिद कर करते हैं, जो कि उपचाराधीन के लिये सही नहीं है।”
  डा. ज्ञानेन्द्र कुमार, प्राचार्य एलएलआर मेडिकल कालेज , मेरठ।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts