मेरठ। जिले में बुधवार को जब जिले के प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा सर्किट हाउस में पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए जिले में कोविड मरीजो के उपचार को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रहे थे। ऐन उसी मौके पर मेरठ के लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में एक महिला की मौत के साथ प्रभारी मंत्री के दावों ने भी दम तोड़ दिया। इलाज के अभाव में मेडिकल में 3 घंटे भटकते फिरने के बाद महिला की ई-रिक्शा में मौत हो गई। जिसके बाद बेबस परिजन महिला के शव को लेकर वापस लौट गए। बताते चलें प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा बुधवार को जिले में कोरोना के कहर के चलते अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक करने के लिए पहुंचे थे। बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कोविड महामारी के दौरान जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारे जाने के लिए बड़े-बड़े दावे किए। ऐन उसी मौके पर जिले के लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में लिसाड़ी गेट श्याम नगर की रहने वाली हुस्नआरा को इलाज के लिए लाया गया हुस्नआरा का ऑक्सीजन लेवल 50 पर पहुंच गया था। जिसके चलते उसकी जान बचाने के लिए तत्काल ऑक्सीजन सिलेंडर की दरकार थी। मगर मेडिकल इमरजेंसी के डॉक्टरों ने महिला की कोविड रिपोर्ट ना मिलने तक उसे भर्ती करने से इंकार कर दिया। जिसके बाद महिला को ई-रिक्शा में लादे उसका बेटा और परिवार के अन्य लोग 3 घंटे तक मेडिकल के अलग-अलग विभागों में भटकते फिरे। मगर समय से उपचार ना मिलने पर हुस्नआरा ने ई रिक्शा में ही दम तोड़ दिया। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हुआ तो पत्रकार वार्ता में पत्रकारों ने भी प्रभारी मंत्री के सामने मसले को उठाया। जिस पर प्रभारी मंत्री ने मामले में जांच कराने का रटा रटाया जवाब देते हुए चुप्पी साध ली।
No comments:
Post a Comment