मेरठ में दोपहर तक 50 प्रतिशत वोटिंग

मेरठ। सोमवार की सुबह से जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई। छिटपुट घटनाओं के बीच दोपहर तक लगभग 50 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी थी। इस दौरान एडीजी से लेकर तमाम पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी संवेदनशील बूथों पर नजर बनाए रहे।
बताते चलें जिले में चुनाव के लिए कुल 2346 बूथ बनाए गए थे। जिन पर 13 लाख 38 हजार मतदाता वोटिंग करेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे जनपद को 35 जोन और 148 सेक्टरों में बांटकर सभी स्थानों पर मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए। इसी के साथ सुबह सात बजे से मतदान शुरू होने के बाद हर बूथ पर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की प्रक्रिया भी जारी रही। 

       इस दौरान एडीजी राजीव सब्बरवाल, डीएम के बालाजी, एसएसपी अजय साहनी और एसपी देहात केशव मिश्रा सहित जिले के तमाम एसपी और सीओ संवेदनशील बूथों पर नजर बनाए रहे। छिटपुट घटनाओं के बीच पुलिस मतदान केंद्रों पर दौड़ लगाती रही। सरधना के छाबड़िया में पूर्व प्रधान और उसके पुत्र पर हमला कर दिया गया। जिसके चलते जमकर हंगामा हुआ और एक पक्ष ने मतदान केंद्र के सामने धरना देते हुए पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को धमकाते हुए मौके से भगाया। इस दौरान काफी देर तक वोटिंग प्रभावित रही। हस्तिनापुर ब्लॉक के माध्यमिक विद्यालय जलालपुर मकबूलपुर में वोटरों में कोरोना की दहशत देखने को मिली। जिसके चलते दोपहर तक मतदान का प्रतिशत काफी कम रहा। इस दौरान आईजी प्रवीण कुमार ने किठौर क्षेत्र स्थित प्राइमरी स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। देहात के अन्य कई इलाकों में हंगामे के बीच दोपहर तक लगभग 50 प्रतिशत मतदान की सूचना है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts