क्लीनिक पर हमला, तोड़फोड़
मेरठ। सदर थाना क्षेत्र में कोरोना के संदिग्ध पेशेंट पार्षद को घर जाकर देखने से इंकार करना एक डॉक्टर को भारी पड़ गया। पार्षद और उसके परिजनों ने डॉक्टर के क्लीनिक पर हमला बोलते हुए जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान क्लीनिक में बैठे मरीजों में भगदड़ मच गई। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित डॉक्टर ने पार्षद और उसके भाईयों सहित दो दर्जन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ तहरीर दी है।दरअसल, भूसा मंडी में क्षेत्र के रहने वाले डॉक्टर अब्दुल रजी का क्लीनिक है। डॉक्टर अब्दुल रजी के मुताबिक सोमवार को वह अपने क्लीनिक पर बैठे मरीजों को देख रहे थे। इसी दौरान छावनी परिषद से वार्ड छह के पार्षद अकरम शाह ने उन्हें अपने घर आने का बुलावा भेजा। पार्षद को कोरोना होने के शक और क्लीनिक में भीड़ के चलते डॉक्टर अब्दुल रजी ने पार्षद के घर जाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद पार्षद अकरम शाह और उसके भाईयों इकबाल, बिलाल, अफजाल और दो दर्जन रिश्तेदारों ने डॉक्टर अब्दुल रजी के क्लीनिक पर हमला बोल दिया। इस दौरान आरोपियों ने क्लीनिक में जमकर तोड़फोड़ की। जिसके चलते वहां बैठे मरीजों में अफरा-तफरी मच गई। क्लीनिक में जमकर तोड़फोड़ करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उधर घटना से दहशत में आए पीड़ित डॉक्टर ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर विजेंद्र राणा ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
No comments:
Post a Comment