नई दिल्ली। कोरोना वायरस की दूसरी लहर में एक बार फिर से कई फिल्मी सितारे और देश ही हस्तियां जरूरतमंद और गरीब लोगों की मदद करने के लिए आगे आ रही हैं। महामारी से बढ़ते प्रकोप को देखते हुए कई सितारे अपने स्तर पर लोगों की मदद के लिए हाथ बढ़ा रहे हैं। अब साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता चिरंजीवी ने सिनेमा वर्कर्स और पत्रकारों की मदद करने का फैसला किया है। उन्होंने सिनेमा वर्कर्स और पत्रकारों को मुफ्त में कोरोना वायरस की वैक्सीन मुहैया करवाने का एलान किया है। चिरंजीवी यह वैक्सीन अपने संगठन कोरोना क्राइसिस चैरिटी (सीसीसी) और अपोलो हेल्थ के सहयोग से मिलकर मुहैया करवाएंगे। इस बात की जानकारी दिग्गज अभिनेता ने सोशल मीडिया के जरिए दी है। उन्होंने एक वीडियो साझा कर सिनेमा में काम करने वाले वर्कर्स और पत्रकारों को कोरोना वायरस की वैक्सीन मुहैया करवाने की बात कही है। चिरंजीवी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में उन्होंने कहा है कि 45 साल से ज्यादा उम्र के सिनेमा वर्कर्स और पत्रकारों को वैक्सीन दी जाएगी। चिरंजीवी ने यह भी कहा है कि सिनेमा वर्कर्स अपने पति या पत्नी को भी वैक्सीन लगवा सकते हैं अगर वह वैक्सीन लेने की तय सीमा के अंदर आते हैं। चिरंजीवी ने यह भी बताया है कि यह वैक्सीनेशन ड्राइव एक महीने के लिए चलेगा और सिने वर्कर्स के अलावा सिने जर्नलिस्ट्स को भी यह वैक्सीन लगवाई जाएगी।
गौरतलब है कि चिरंजीवी अपने संगठन कोरोना क्राइसिस चैरिटी (सीसीसी) के जरिए लगातार लोगों की मदद कर रहे हैं। बीते साल उन्होंने इस संगठन को बनाया था। जिसके जरिए उन्होंने कोरोना महामारी से प्रभावित लोगों की मदद करते रहते हैं। बीते साल कोरोना क्राइसिस चैरिटी के जरिए प्रभास, जूनियर एनटीआर, राम चरण और नागार्जुन सहित कई कलाकारों ने गरीब और जरूरमंद लोगों की आर्थिक मदद की थी। बात करें चिरंजीवी के वर्कफ्रंट की तो वह आखिरी बार फिल्म सई रा नरसिम्हा रेड्डी में नजर आए थे। इस फिल्म में उनके साथ नयनतारा, तमन्ना भाटिया और विजय सेतुपति सहित कई कलाकार मुख्य भूमिका में थे। सई रा नरसिम्हा रेड्डी का निर्देशन सुरेंद्र रेड्डी ने किया था। इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। चिरंजीवी के अभिनय की खूब तारीफ की गई थी।
No comments:
Post a Comment