स्वास्थ्य मंत्री के नाम पर पैसा मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
मेरठ ।उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह के नाम पर मेरठ के नेत्र चिकित्सक से रंगदारी मांगने में मेडिकल थाने की पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मेडिकल इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी आकाश ठाकुर निवासी गांव अमहेड़ा और सूरज गुप्ता निवासी जागृति विहार हैं। पिछले दिनों गढ़ रोड के नेत्र चिकित्सक डॉक्टर शकील अहमद ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था।
डॉक्टर शकील के अनुसार, कुछ दिन पहले उनके पास एक अज्ञात नम्बर से कॉल आई। काल करने वाले ने कहा कि मंत्री बात करना चाहते हैं। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने मंत्री बनकर बात की। कथित व्यक्ति ने डॉक्टर शकील से कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पूरे देश में गरीब बच्चों की पढ़ाई के लिए एक कार्यक्रम चला रही है। इसके लिए मेरठ के एबीवीपी कार्यकर्ता उनसे आकर मिलेंगे और जो संभव हो वह आर्थिक मदद दे दी जाए। डॉक्टर ने जांच पड़ताल कराई तो पता चला कि मंत्री ने ऐसी कोई कॉल उनको नहीं की।
इसके बाद मेडिकल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया और पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए शनिवार रात दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि आरोपियों का कहना है कि उनके पास डॉक्टर शकील का वह पत्र मौजूद है जिसमें उन्होंने इस बाबत कोई भी कार्रवाई नहीं करने की बात कही है। इस बारे में इंस्पेक्टर का कहना है कि अगर वादी डॉक्टर अपनी बात से मुकरते हैं तो उनके विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment