योगी सरकार के चार साल पूरे होने पर कार्यक्रम का आयोजन

- लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना के प्रति किया जागरूक 




बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के चार साल पूरे होने पर शुक्रवार को जनपद के नुमाइश मैदान स्थित निकुंज हाल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के परिवहन मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री अशोक कटारिया ने योगी सरकार की चार साल की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्डों का वितरण किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लाभार्थियों को योजना के पैनल में आने वाले सरकारी व निजी अस्पतालों की जानकारी दी गयी। प्रभारी मंत्री ने योजना के लाभार्थियों को बताया कि वह योजना के तहत पांच लाख रुपए तक का इलाज निःशुल्क करा सकेंगे। 
कार्यक्रम में जनपद के  प्रभारी मंत्री अशोक कटारिया ने कहा कि आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना का लाभ हर गरीब तक पहुचना चाहिये। उन्होंने जिले के 10 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी बांटे। उन्होंने बताया योजना के पैनल में शामिल अस्पताल में इलाज के लिए संबंधित व्यक्ति को मात्र अपना पहचान पत्र दिखाना होगा। यह पहचान पत्र आधार कार्ड या वोटर कार्ड या राशन कार्ड हो सकता है। हर परिवार को प्रति वर्ष पांच लाख रुपए तक के इलाज की मुफ्त सुविधा इस योजना में मिलेगी। इलाज पूरी तरह कैश लेस होगा। लाभार्थी सरकारी या निजी अस्पताल में इलाज करा सकते हैं। 
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. भवतोष शंखधर ने बताया आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी परिवार को सरकारी या निजी अस्पताल में प्रतिवर्ष पांच लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा दिया जाता है। जनपद में करीब एक दर्जन निजी अस्पताल सहित सभी सरकारी अस्पताल इसमें शामिल हैं। जनपद के अस्पताल में योजना के तहत मरीजों का इलाज हो रहा है। 

2011 की जनगणना में गरीब के तौर पर हों चिह्नित
योजना के नोडल अधिकारी डा. पीपी सिंह ने बताया 2011 की सामाजिक-आर्थिक और जाति जनगणना में गरीब के तौर पर चिह्नित सभी लोगों को पात्र माना गया है। एक कमरे के कच्चे मकान रहने वाले ऐसे परिवार जिनके सभी सदस्य दिव्यांग हो, अनु. जाति अनु. जनजाति, भूमिहीन परिवार इस योजना में लाभार्थी हैं। इस योजना का मकसद सभी गरीबों को स्वास्थ्य कार्यक्रम से जोड़ना है।
आरोग्य मित्र कर रहे लाभार्थियों की मदद
मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक पांडे ने बताया आरोग्य मित्र इस योजना का लाभ दिलाने में लाभार्थियों का सहयोग कर रहे हैं। यह आरोग्य मित्र मरीजों को अस्पताल में भर्ती से लेकर उनकी छुट्टी होने तक पूरी मदद कर रहे हैं। इस योजना से आंगनबाड़ी और एएनएम को भी जोड़ा गया है। इस योजना के अंतर्गत आने वाले राज्य के नागरिक इसका लाभ अन्य राज्यों में भी ले सकते हैं।
आधार कार्ड अनिवार्य नहीं
स्कीम का फायदा उठाने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य नहीं है। आप पात्र हैं तो आपको अपनी पहचान साबित करनी होगी, जिसे आप आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र या राशन कार्ड जैसे पहचान पत्रों से कर सकते हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts