15 दिन चलने वाले इस कार्यक्रम में हर केंद्र पर तीन सौ टीके लगाने का लक्ष्य


रोजाना 300 टीकों का लक्ष्य पूरा करने वाले लेखपाल होंगे सम्मानित


 



गाजियाबाद, 20 मार्च, 2021। जिलाधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में टीकाकरण बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार से "विलेज वैक्सीनेशन मार्च (वीवीएम) चलाया जायेगा, जिसके अन्तर्गत जनपद की तीनों तहसीलों में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रतिदिन 300 लोगों को टीका लगाने का कार्य किया जाएगा। उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वह इस कार्य में अपनी तहसील के एक-एक लेखपाल को प्रत्येक टीकाकरण केंद्र पर तैनात करें। टीकाकरण केंद्र पर तैनात लेखपाल को प्रतिदिन 300 लोगों को कोविड वैक्सीनेशन लगवाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके साथ ही जो लेखपाल अपने लक्ष्य को पूरा करने में सफल होगा, उसको जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा तथा उसके इस कार्य को उसकी सेवा पुस्तिका में भी विशिष्ट प्रविष्टि के रूप से अंकित किया जाएगा।
इसके अलावा “विलेज वैक्सीनेशन मार्च (वीवीएम) कार्यक्रम में राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एएनएम, ग्राम प्रधान, खण्ड विकास अधिकारियों का भी सहयोग लिया जाएगा। यह कार्यक्रम सोमवार से 15 दिनों तक चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनायें जाने के उद्देश्य से तहसील मोदीनगर के लिए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संतोष कुमार वैश्य, तहसील लोनी के लिए अपर जिलाधिकारी (भू.अ.) कमलेश कुमार एवं तहसील सदर के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) यशवर्धन श्रीवास्तव को प्रभारी बनाया है, जो कार्यक्रम से संबंधित तैयारियां अपनी देखरेख में कराएंगे। 

निवाड़ी और मुरादनगर में निरीक्षण करने पहुंचे डीएम :

जनपद में कोविड टीकाकरण को रफ्तार देने के लिए जिलाधिकारी डा. अजय शंकर पांडेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की और उसके बाद स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी की जमीनी हकीकत जानने के लिए निरीक्षण पर निकल पड़े। जिलाधिकारी सबसे पहले निवाड़ी स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे, जहाँ उन्होनें कोविड-19 टीकाकरण के कार्य को स्वयं देखा। उन्होंने टीकाकरण कार्य पर संतोष जाहिर किया। निवाड़ी के बाद जिलाधिकारी मुरादनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे। जनपद के ग्रामीण क्षेत्र में कोविड टीकाकरण को रफ्तार देने के लिए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग एवं समस्त उप जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ सीएमओ डा. एनके गुप्ता और कोविड प्रभारी डा. आरके गुप्ता भी मौजूद रहे।
----
रंग लाने लगी है उपजिलाधिकारियों की मेहनत :

गत दिनों समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए थे कि वह अपनी-अपनी तहसील में समस्त ग्राम प्रधानों के साथ बैठक आहूत करें तथा उन्हें तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को कोविड का टीका लगवाने के लिए प्रोत्साहित करें। इसका असर भी दिखने लगा है। टीकाकरण केंद्रों पर लाभार्थियों की संख्या बढ़ी है। शनिवार को महाराजपुर में 475, खोड़ा में 324, दुहाई-डासना में 91, अटौर-डासना में 53, भोवापुर-डासना में 64, ग्यासपुर मुरादनगर में 92, निवाड़ी-मुरादनगर में 76, चिरौड़ी-लोनी में 99, फरूख्खनगर-लोनी में 57, मण्डोला-लोनी में 72, त्यौडी-भोजपुर में 01, फरीदनगर भोजपुर में 68 एवं जवाहरनगर में 76 लोगों ने टीका लगवाया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts