इस मौसम में रहता है संक्रमण का खतरा- संक्रमण से बचाव के लिए मास्क लगाएं
हापुड़, 22 मार्च, 2021। बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति खासतौर पर सावधान रहने की जरूरत होती है। इसलिए सावधान रहें। इस मौसम में संक्रमण का खतरा ज्यादा रहता है। संक्रमण के चलते सर्दी-जुकाम और बुखार के मामले इस मौसम में बढ़ जाते हैं। थोड़ी सावधानी इन बीमारियों से बचा सकती है। ठंडा पेय, आइसक्रीम और बाहर के खाने से बचें। घर में यदि किसी को जुकाम-खांसी या फिर बुखार हो जाता है तो उससे शारीरिक दूरी बनाकर रखें।
दरअसल संक्रमण सांस के जरिए भी फैलता है, खासकर वायरल के मामले में तो यह बात और भी गंभीर हो जाती है। इसलिए यदि घर में किसी को सर्दी-खांसी या बुखार की शिकायत हो तो परिवार के सभी सदस्य घर में भी मास्क का प्रयोग करें। कोविड के मामले में भी यही सब सावधानी बरतने की जरूरत है। घर से बाहर निकलें तो मास्क अवश्य लगाएं, ध्यान रहे कि मॉस्क से नाक और मुंह अच्छी तरह से ढंका हो। यह बातें मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. रेखा शर्मा ने कहीं।
सीएमओ ने खासकर होली के त्यौहार को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि होली के त्यौहार पर लोग अक्सर लंबे समय तक पानी वाले रंगों से खेलते हैं। ऐसा करना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। प्रयास करें कि होली पर केवल प्राकृतिक गुलाल का प्रयोग किया जाए। यदि पानी वाले रंग से खेलें तो उसमें भी इस बात का ध्यान रखें कि केमिकल युक्त रंग न हो, और ज्यादा देर तक गीले न रहें।
खानपान का भी ध्यान रखें, नशे से तौबा करें। अस्थमा के मरीजों और गर्भवती को होली के मौके पर खासतौर से सावधान रहने की जरूरत होती है। ऐसे लोग अपना बचाव करें और कोई भी समस्या और होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।
----------
No comments:
Post a Comment