16 जनवरी से अब तक 1.10 लाख से अधिक लोगों को लगाया जा चुका है टीका
दूसरे शहर में भी लगवा सकते हैं कोरोना की दूसरी डोज : डा. प्रवीण
मेरठ, 23 मार्च 2021। टीकाकरण को लेकर चल रहे अभियान में मेरठ ने प्रदेश में अभी तक 10वां स्थान बनाया हुआ है। जिले में 16 जनवरी से अब तक 1.10 लाख से अधिक लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। मार्च माह में अब तक 50113 लोगों को टीका लगाया जा चुका है, जिसका प्रतिशत 57.2 प्रतिशत है। यह जानकारी जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. प्रवीण कुमार ने दी।
उन्होंने बताया प्रदेश समेत जिले में 16 जनवरी से स्वास्थ्य केन्द्रों पर टीकाकरण का अभियान आरंभ हुआ था। 16 जनवरी से 22 मार्च तक जिले में 1.10 लाख लोग कोरोना का टीका लगवा चुके हैं। मार्च माह में 84680 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया है, जिसमें सहरुग्णता वाले करीब 7387 लोगों और 60 साल से ऊपर के 42726 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। इस तरह इस माह में अब तक 50113 लोगों को टीका लगाया जा चुका है।
बाहरी लोग भी लगवा सकते हैं टीका
डा. प्रवीण कुमार ने बताया यदि आप होली के अवकाश में या किसी जरूरी काम से अपने शहर से बाहर जा रहे हैं और इस बीच आपके कोरोना से बचाव के टीके की दूसरी डोज की तारीख है तो अपना कार्यक्रम रद्द करने की जरूरत नहीं है, जिस भी शहर में जा रहे हैं वहां किसी भी चिकित्सालय अथवा स्वास्थ्य केन्द्र पर टीका लगवा सकते हैं। उन्होंने बताया इसके लिए उसे प्रथम टीकाकरण के दौरान मिला टीकाकरण कार्ड दिखाना होगा। उन्होंने बताया दूसरे केन्द्र पर भी लाभार्थी को कोरोना की वही वैक्सीन लगायी जाएगी जो पहले लगी थी।
सावधानी अब भी जरूरी
उन्होंने कहा है कि कोरोना का खतरा अभी खत्म नहीं हुआ है। कोरोना का संक्रमण लोगों की लापरवाही से फिर से फैलने लगा है। होली के त्योहार पर दूसरे प्रदेशों में बढ़ते संक्रमण का असर शहर पर भी हो सकता है इसलिए स्वास्थ्य विभाग तो अपने स्तर पर कार्य कर ही रहा है, लोगों को भी चाहिये कि वह सतर्क रहें, सावधान रहें ताकि जिले को संक्रमण की चपेट में आने से रोका जा सके। उन्होंने कहा अब मास्क और दो गज की दूरी उतनी ही जरूरी है जितनी पहले थी।
मंडलायुक्त ने संख्ती बरतने के दिये निर्देश
मेरठ में कोरोना के संक्रमित की संख्या में बढ़ोतरी होने के बाद जिला प्रसासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर सख्ती बरतने के निर्देश दिये हैं। मास्क न पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं।
बाजारो में माइकिंग
कोरोना के संक्रमण में तेजी आने के कारण स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन हरकत में आ गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों व बाजारों में माइकिंग से मास्क पहनने व सामाजिक दूरी बनाने की अपील की जा रही है।
No comments:
Post a Comment