मेरठ। प्रदेश में तैनात आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को सबसे बड़ा 'झूठा' बताते हुए सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने सीएम की वादाखिलाफी के खिलाफ लखनऊ में बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
बृहस्पतिवार को दर्जनों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने आंगनबाड़ी यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष सायमा जमीर के नेतृत्व में मवाना तहसील में जमकर हंगामा किया। सायमा ने बताया कि वर्ष 2018 में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लखनऊ में आंदोलन के बाद 21 फरवरी 2019 को प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में 15 सौ रुपए की बढ़ोतरी की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद आज तक आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बढ़ा हुआ मानदेय नहीं मिला है। उधर, प्रदेश सरकार ने पोषाहार को बंद करके ड्राई राशन योजना का जबरदस्त प्रचार किया है। जिसके अंतर्गत बच्चों को दूध, घी, गेहूं और चने जैसी चीजें देने के दावे किए जा रहे हैं। लेकिन यह चीजें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तक नहीं पहुंच रहीं। मगर इस योजना के प्रचार के चलते ग्रामीणों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से इन चीजों की मांग कर रहे हैं। वहीं, यह वस्तुएं ना देने पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 'चोर' बताया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि कोरोना से लेकर पल्स पोलियो अभियान और जनगणना तक में फ्रंट लाइन पर खड़ी रहने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ प्रदेश सरकार ऐसा उपेक्षा पूर्ण व्यवहार क्यों कर रही है? इसी के साथ चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही उनके मानदेय की रकम विद एरियर उन्हें नहीं दी तो प्रदेश भर की आंगनबाड़ी कार्यकत्री लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान में बड़ा आंदोलन चलाएंगीं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts