शनिवार रात 8:35 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली
मेरठ। शिक्षक राजनीति में भीष्म पितामह कहे जाने वाले पूर्व शिक्षक विधायक ओम प्रकाश शर्मा नहीं रहे। शनिवार रात 8:35 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। वे 87 वर्ष के थे। सुबह से उन्हें पेचिस की समस्या थी। बावजूद इसके वह डीआइओएस कार्यालय में शिक्षकों के धरने में शामिल हुए थे। उनका अंतिम संस्कार रविवार को सूरजकुंड श्मशान घाट पर किया जाएगा। वे मूल रूप से बागपत जिले के सूजती गांव के रहने वाले थे। काफी अरसे से मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित बी ब्लाक में रह रहे थे। वे अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों का भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं।
ओम प्रकाश शर्मा ने 1970 में विधान परिषद का पहला चुनाव जीता था। अंतिम चुनाव 2014 में जीता। पूर्व एमएलसी ओम प्रकाश शर्मा शिक्षक सीट पर लगातार आठ बार जीते। 50 साल एमएलसी रहने के बाद 2020 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। यह उनकी जीवटता का प्रमाण है कि वह इस हार के बाद भी शिक्षक हितों को लेकर हुंकार भरते रहे। इसी क्रम में शनिवार को शिक्षकों के साथ माध्यमिक उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना भी दिया। इसमें सैकड़ों शिक्षक शामिल रहे। उन्होंने धरने को संबोधित भी किया।
ओमप्रकाश शर्मा का शिक्षक राजनीति में करिश्माई दखल था।
शाम सात बजे के आसपास अचानक उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई। स्वजन अस्पताल ले जाते, लेकिन तब तक उनकी सांसे थम चुकी थीं। उनके निधन की सूचना से शिक्षक समाज और उनके करीबी स्तब्ध रह गए। रात में ही बड़ी संख्या में शिक्षक और उनके चाहने वाले शास्त्रीनगर स्थित उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गए थे। बता दें कि 1954 में उन्होंने खरखौदा स्थित जनता इंटर कालेज से बतौर शिक्षक काम शुरू किया और 1993 में रिटायर हुए।
No comments:
Post a Comment