व्यापारियों ने मांगा था दो दिन का समय, 14 को हाईकोर्ट में दाखिल करना है जवाब
मेरठ। हाईकोर्ट के आदेश पर गुरुवार सुबह भगत सिंह मार्केट में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। सुबह 11 बजे निगम की टीम पूरी पुलिस फोर्स के साथ बाजार में पहुंची और कार्रवाई शुरू की। इस दौरान व्यापारियों की निगम के अधिकारियों से नोकझोंक भी हो गई।
हाईकोर्ट ने भगत सिंह मार्केट के अतिक्रमण के संबंध में जिलाधिकारी को 14 दिसंबर तक जवाब दाखिल करने को कहा है। इसके चलते नगर निगम और जिला प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए कवायद शुरू कर दी। सोमवार को अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम की टीम पहुंची थी, लेकिन पुलिस बल नहीं मिलने पर दो दिन का समय देकर वापस लौट गई थी। गुरुवार सुबह टीम पुलिस फोर्स के साथ बाजार में पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। लेकिन इसी बीच व्यापारियों ने इसका विराध कर दिया। इस दौरान व्यापारियों की आधिकारियों से नोकझोंक हुई। हालांकि निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखी।
हंगामा बढ़ा तो पहुंच गए भाजपा नेता
सुबह 11:30 बजे सिटी मजिस्ट्रेट सत्येंद्र सिंह और सहायक नगर आयुक्त ब्रजपाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ भगत सिंह मार्केट पहुंचे। दुकानों के पक्के स्लैब और छज्जे तोड़ने शुरू किया। वैसे ही व्यापारी एकत्र हो गए। हंगामा शुरू कर दिया। नगर निगम की कार्रवाई रुक गई। अधिकारियों ने व्यापारियों को हाईकोर्ट के आदेश का हवाला दिया तो व्यापारी अपनी जिद पर अड़ गए। हंगामा चल ही रहा था कि इतने में संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता और भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा पहुंच गए। व्यापारियों ने अनिश्चित काल के लिए बाजार बंद करने की घोषणा कर दी।
नगरायुक्त हुए सख्त, खुद व्यापारियों ने हटाया अतिक्रमण
हंगामा बढ़ते देख नगर आयुक्त मनीष बंसल भी भगत सिंह मार्केट पहुंचे। व्यापारियों के साथ वार्ता की। व्यापारियों से नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हाईकोर्ट का आदेश है। व्यापारियों ने स्वयं अतिक्रमण हटाने की बात रखी। कहा कि दुकानों की तोड़फोड़ न की जाए। जिस पर नगर आयुक्त ने कहा कि व्यापारी स्वयं अतिक्रमण हटा लें। नगर निगम की टीम मौजूद रहेगी। जिसके बाद दुकानदारों ने स्वयं अतिक्रमण हटाया। मालूम हो कि 14 दिसम्बर को हाईकोर्ट में जिलाधिकारी के बाला जी को कार्रवाई के सम्बंध में शपथ पत्र दाखिल करना है।
No comments:
Post a Comment