साइबर युग में सजगता और सतर्कता ही मूलमंत्र कार्यशाला में निजता भंग न करने की शपथ दिलायी गयी
मेरठ। मिशन शक्ति के तहत बुधवार को दीवान पब्लिक स्कूल में साइबर सेफ यूथ विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने महिला सुरक्षा को पुलिस की प्राथमिकता बताते हुए साइबर अपराधों के प्रति सावधानी को आवश्यक बताया। मुख्य विकास अधिकारी ईशा दुहन ने शारदीय नवरात्रि में मिशन शक्ति को सबल बनाने के लिए सरकार द्वारा बनाई गई योजनाओं से अवगत कराया। अपर पुलिस महानिदेशक राजीव सभरवाल ने साइबर अपराधों को रोकने का सशक्त उपाय.मित्रों को समीप तथा अजनबियों को दूर रखना बताया। साथ ही पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने साइबर युग में सजगता और सतर्कता को ही मूलमंत्र बताया। मंडलायुक्त अनीता मेश्राम ने आधुनिक तकनीक का समझदारी से प्रयोग करने और उसके सदुपयोग पर बल दिया। अंत में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अविनाश पांडे ने कार्यशाला के मुख्य विषय पर अपनी प्रस्तुति देते हुए उपस्थित जन समुदाय से अपनी निजी सूचना को किसी से न बाँटने की सलाह देते हुए निजता को भंग न करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने पुष्प गुच्छ देकर अपर पुलिस महानिदेशक राजीव सभरवाल, मंडलायुक्त अनीता मेश्राम, पुलिस महानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र प्रवीण कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी ईशा दुहन का स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ अपर पुलिस महानिदेशक मंडलायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दीप प्रज्वलित कर किया। मंच संचालन सुनील शर्मा ने किया। विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी भी इस कार्यशाला में सहभागिता कर लाभान्वित हुए। कार्यशाला के अंत में पुलिस अधीक्षक यातायात जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक एच एम राउत प्रधानाचार्य एके दुबे उपस्थिति रहे। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सम्मान एवं उनके स्वावलंबन के लिए विशेष अभियान मिशन शक्ति शुरू किया है। मिशन शक्ति प्रथम चरण में 25 अक्टूबर तक जनपद में संचालित किया जा रहा है।
No comments:
Post a Comment