मेरठ में PET की पहली पाली का पेपर मॉडरेट, DI के सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाया

48 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, दूसरी पाली में भी करीब 22 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल; एसपी सिटी ने केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी

मेरठ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 रविवार को जिले के 48 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। पहली पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने पेपर को ईजी टू मॉडरेट बताया। हालांकि, डाटा इंटरप्रिटेशन (DI) के कुछ सवालों ने अभ्यर्थियों को थोड़ा उलझाया।

पहली पाली में करीब 22 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई थी। अब दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। इसमें भी करीब 22 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस तरह जिले में दोनों पालियों में लगभग 44 हजार अभ्यर्थियों के परीक्षा देने का अनुमान है।

इतिहास और जीके के सवाल रहे आसान

बदायूं से परीक्षा देने आए राजेश ने बताया कि पेपर का स्तर मॉडरेट था। अधिकतर सवाल आसान रहे। इतिहास से पांच से छह और सामान्य ज्ञान (जीके) से आठ से दस प्रश्न पूछे गए। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था भी अच्छी रही। जांच के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया गया और बेल्ट सहित प्रतिबंधित सामान बाहर रखवा लिया गया।

मुरादाबाद से आए सोनू कुमार ने बताया कि पेपर ईजी टू मॉडरेट स्तर का था। सामान्य ज्ञान के सवाल काफी सरल रहे, जबकि DI का एक प्रश्न थोड़ा कठिन लगा। कुल मिलाकर पेपर अच्छा रहा।

एसपी सिटी ने केंद्रों पर परखी सुरक्षा व्यवस्था

परीक्षा के दौरान एसपी सिटी ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश, चेकिंग व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की सतर्कता का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा इंतजामों की जानकारी लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जाए तथा अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

समय से पहले पहुंचना जरूरी, आधा घंटा पहले बंद होंगे गेट

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। पहली पाली के लिए सुबह आठ से 9:30 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर एक से 2:30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट प्रतिबंधित

केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर रोक रही। अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले तलाशी और दस्तावेजों की जांच से गुजरना पड़ा। एडमिट कार्ड के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र या मूल आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज की दो फोटो लाना अनिवार्य किया गया है।

100 सवालों के जवाब ओएमआर शीट पर

PET में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जा रहे हैं। अभ्यर्थियों को इनके जवाब ओएमआर शीट पर देने हैं। परीक्षा केंद्रों पर लाइव सीसीटीवी निगरानी और रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की गई है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए फोटो और आइरिस स्कैन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन भी किया जा रहा है।

बाहर से आए अभ्यर्थियों के लिए रेन बसेरों में इंतजाम

दूसरे जिलों से मेरठ पहुंचे अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए नगर निगम ने रेन बसेरों में ठहरने की व्यवस्था की है। प्रशासन का प्रयास है कि परीक्षा दोनों पालियों में बिना किसी बाधा के संपन्न हो।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts