अब छोटे शहरों के परिवारों के घर का सपना होगा आसान, आधार हाउसिंग फाइनेंस ने यूपी में शुरू किए विशेष कैंप

पहली बार मकान खरीदने वालों को मौके पर मिलेगी होम लोन की जानकारी और आवेदन में मदद, पीएमएवाई के लाभ समझाने के लिए कई शहरों में अभियान

नोएडा। अपना घर खरीदने का सपना देखने वाले कम आय वाले परिवारों और छोटे कारोबारियों के लिए होम लोन की राह आसान बनाने की पहल की गई है। आधार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) स्पॉट सैंक्शन कैंपेन शुरू किया है। इसके तहत प्रदेश के अलग-अलग शहरों में विशेष शिविर लगाकर पहली बार घर खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों को होम लोन की पात्रता, जरूरी दस्तावेज और सरकारी सहायता की जानकारी दी जा रही है। खासतौर पर दिहाड़ी मजदूरों, छोटे दुकानदारों और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को इस पहल से जोड़ने पर जोर है।

दस्तावेजों की उलझन दूर करेंगे कैंप

अक्सर नियमित वेतन पाने वाले लोगों के मुकाबले छोटे कारोबारियों और असंगठित क्षेत्र में काम करने वालों के लिए होम लोन हासिल करना चुनौतीपूर्ण होता है। आय के प्रमाण, जरूरी दस्तावेज और लोन की शर्तों की जानकारी नहीं होने से कई परिवार आवेदन तक नहीं कर पाते। इसी समस्या को देखते हुए कंपनी ने आमने-सामने बैठकर लोगों की जरूरत समझने और उन्हें लोन प्रक्रिया की जानकारी देने की व्यवस्था की है। कैंप में संभावित ग्राहकों को बताया जा रहा है कि वे कितने लोन के पात्र हो सकते हैं और आवेदन के लिए किन दस्तावेजों की जरूरत होगी।

आगरा से वाराणसी तक लगाए जा रहे शिविर

कंपनी की ओर से आगरा, झांसी, अलीगढ़, मथुरा, वाराणसी, मिर्जापुर, बस्ती, सुल्तानपुर, कौशाम्बी और संत रविदास नगर समेत उत्तर प्रदेश के कई शहरों में कैंप लगाए गए हैं। यहां लोगों को होम लोन के विभिन्न विकल्पों के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के संभावित लाभों की जानकारी भी दी जा रही है। कंपनी का उद्देश्य उन पात्र परिवारों तक आवास वित्त की सुविधा पहुंचाना है, जो जानकारी और प्रक्रिया की जटिलता के कारण अब तक इससे दूर रहे हैं।

83 शाखाओं के नेटवर्क से बढ़ा रही पहुंच

आधार हाउसिंग फाइनेंस के उत्तर प्रदेश में 83 शाखाओं का नेटवर्क है। कंपनी शहरी, अर्धशहरी और छोटे शहरों में अपनी सेवाओं का विस्तार कर रही है, ताकि अलग-अलग आय वर्ग के परिवारों तक आवास ऋण की सुविधा पहुंचाई जा सके।

घर सिर्फ निवेश नहीं, परिवार की सुरक्षा भी

कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ ऋषि आनंद ने कहा कि अपना घर परिवार के लिए आर्थिक उपलब्धि के साथ सुरक्षा, स्थिरता और अपनेपन का प्रतीक भी है। असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले और छोटे व्यवसाय चलाने वाले लोगों में घर खरीदने की इच्छा होती है, लेकिन लोन प्रक्रिया की जानकारी नहीं होने से वे पीछे रह जाते हैं। स्पॉट सैंक्शन कैंपेन के जरिए कंपनी इस प्रक्रिया को आसान बनाने और पात्र परिवारों को सरकारी सहायता की जानकारी देने का प्रयास कर रही है।

वहीं, कंपनी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अनिल नायर ने कहा कि हर ग्राहक की आर्थिक स्थिति और जरूरत अलग होती है। ऐसे में व्यक्तिगत मार्गदर्शन के जरिए उन्हें लोन की शर्तें, जरूरी दस्तावेज और पीएमएवाई के लाभ समझाए जा रहे हैं। कंपनी का लक्ष्य पहली बार घर खरीदने वालों के लिए होम लोन की प्रक्रिया को अधिक सुलभ बनाना है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts