बैंकॉक में मेरठ की बेटी ने लहराया परचम, अंतरराष्ट्रीय ईएनटी कॉन्फ्रेंस में डॉ. श्रेया वाट्स को मिला प्रथम स्थान

40 से अधिक देशों के विशेषज्ञ चिकित्सकों के बीच भारत का किया प्रतिनिधित्व, न्यूरोफाइब्रोमा के थायराइड ग्रंथि पर प्रभाव विषय पर प्रस्तुत किया शोधपत्र

मेरठ। बैंकॉक में आयोजित छठवीं अंतरराष्ट्रीय ईएनटी कॉन्फ्रेंस-2026 में मेरठ की चिकित्सक डॉ. श्रेया वाट्स ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय के वेंक्टेश्वरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस (विम्स) में पीजी रेजिडेंट एवं ईएनटी चिकित्सक डॉ. श्रेया ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व किया। उनके शोधपरक व्याख्यान को सराहते हुए आयोजकों ने उन्हें मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में अमेरिका की संस्था वर्ल्ड साइंसटेक कॉन्फ्रेंसेज की ओर से आयोजित सम्मेलन का विषय ‘इनोवेटिव ईएनटी हेल्थकेयर-2026’ था। इसमें अमेरिका, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी समेत 40 से अधिक देशों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हिस्सा लिया। डॉ. श्रेया ने ‘न्यूरोफाइब्रोमा का थायराइड ग्रंथि पर प्रभाव’ विषय पर अपना शोधपरक व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने बीमारी के निदान, उपचार और सुरक्षित सर्जरी से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।



संस्थान ने बताया गौरव का विषय

डॉ. श्रेया की उपलब्धि पर वेंक्टेश्वरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरि ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा मंच पर संस्थान की चिकित्सक को प्रथम स्थान मिलना पूरे वेंक्टेश्वरा परिवार और देश के लिए गर्व की बात है। विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि विम्स मेडिकल कॉलेज को नवीनतम चिकित्सा तकनीकों, शोध और नवाचार के माध्यम से अग्रणी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. (डॉ.) कृष्णकांत दवे, प्रो-चांसलर डॉ. रविकांत, वित्त निदेशक युवराज सिंह, डीन डॉ. एमएच प्रभु, एमएस डॉ. शिरीष पाटिल, एडिशनल एमएस डॉ. अमित जैन, ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. वीपी सिंह, प्रो. (डॉ.) मैत्री, अस्पताल जीएम मेघा सबरवाल, मेरठ परिसर निदेशक डॉ. पंकज सिंह और मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित विश्वविद्यालय परिवार ने डॉ. श्रेया को बधाई दी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts