यूपी के युवाओं को एआई का हुनर सिखाएगा इनमोबी, 8-9 दिसंबर को लखनऊ में होगा हैकाथॉन
सबहेडिंग: इनमोबी और यूपी सरकार की संयुक्त पहल, 20 नवंबर तक करा सकेंगे पंजीकरण; टॉप पांच विजेता टीमों को मिलेगा एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार
मेरठ। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में युवाओं की प्रतिभा को निखारने और नए तकनीकी समाधान तैयार करने के लिए इनमोबी और उत्तर प्रदेश सरकार ने संयुक्त पहल की है। दोनों ने एआई कौशल हैकाथॉन 2026 शुरू करने की घोषणा की है। इसके तहत प्रदेश के छात्र, स्टार्टअप, पेशेवर और डेवलपर्स वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान के लिए एआई आधारित तकनीक विकसित करेंगे। आयोजन का फाइनल 8 और 9 दिसंबर को आईआईआईटी लखनऊ में होगा। इसमें हिस्सा लेने के लिए 20 नवंबर तक पंजीकरण कराया जा सकेगा।
सरकार, उद्योग और शिक्षा जगत आएंगे एक मंच पर
इस पहल का उद्देश्य केवल एआई की जानकारी देना नहीं, बल्कि युवाओं को तकनीक के माध्यम से व्यवहारिक समाधान तैयार करने का अवसर देना है। इसके लिए सरकार, उद्योग और शिक्षा जगत को एक मंच पर लाया जाएगा। प्रतिभागियों से विभिन्न समस्याओं के समाधान से जुड़े आइडिया और यूज केस मांगे जाएंगे। चयनित टीमों को विशेषज्ञों की ओर से मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें अपने प्रोजेक्ट को विकसित करने का अवसर मिलेगा।
24 घंटे में तैयार करना होगा प्रोजेक्ट
हैकाथॉन के दौरान आईआईआईटी लखनऊ में 24 घंटे का ऑन-साइट प्रोजेक्ट निर्माण सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें चयनित टीमें अपने एआई आधारित समाधान तैयार करेंगी। 9 दिसंबर को पुरस्कार वितरण समारोह होगा। शीर्ष पांच विजेता टीमों में से प्रत्येक को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। खास बात यह है कि बेहतर प्रोटोटाइप को आगे मूल्यांकन और मार्गदर्शन के लिए चुना जाएगा। सफल प्रोजेक्ट को उत्तर प्रदेश सरकार के संबंधित विभागों और उद्योग भागीदारों के सहयोग से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू करने की संभावना भी रहेगी।
यूपी में तकनीकी प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
इनमोबी के सह-संस्थापक एवं मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी मोहित सक्सेना ने कहा कि उत्तर प्रदेश तकनीकी विकास के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है। प्रदेश में इंजीनियरिंग और तकनीकी प्रतिभाओं की कमी नहीं है। एआई कौशल हैकाथॉन के माध्यम से युवाओं को अपने विचारों को वास्तविक उत्पाद और समाधान में बदलने के लिए मंच, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और उद्यम के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
वहीं, प्रदेश के प्रमुख सचिव (आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स) आलोक कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश एआई, नवाचार और तकनीक आधारित विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस पहल से छात्रों, डेवलपर्स और उद्यमियों को वास्तविक समस्याओं के समाधान तैयार करने का अवसर मिलेगा। सरकार की कोशिश होगी कि बेहतर विचारों को मूल्यांकन और मार्गदर्शन के बाद संबंधित विभागों के साथ पायलट प्रोजेक्ट तक पहुंचाया जाए।
लखनऊ टेक्नोलॉजी सेंटर का भी होगा लाभ
इनमोबी की वैश्विक वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कॉरपोरेट मामलों की प्रमुख एवं लोक नीति अधिकारी डॉ. सुबी चतुर्वेदी ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को एआई सीखने के साथ उसका इस्तेमाल कर नए समाधान बनाने का अवसर मिलना चाहिए। इस पहल में आईआईआईटी लखनऊ अकादमिक भागीदार है। कंपनी ने पिछले वर्ष लखनऊ में अपना अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी सेंटर शुरू किया था। यह केंद्र जेनरेटिव एआई, मशीन लर्निंग, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में काम कर रहा है।
ये हैं हैकाथॉन की प्रमुख जानकारियां
आयोजन: एआई कौशल हैकाथॉन 2026
तिथि: 8 और 9 दिसंबर 2026
स्थान: आईआईआईटी लखनऊ
पंजीकरण की अंतिम तिथि: 20 नवंबर 2026
पुरस्कार: शीर्ष पांच टीमों में प्रत्येक को एक लाख रुपये
पंजीकरण और जानकारी: https://www.inmobi.com/ai-kaushal


No comments:
Post a Comment