गोपाल विट्टल फिर बने जीएसएमए बोर्ड के चेयरमैन, दिसंबर 2028 तक संभालेंगे जिम्मेदारी

 भारती एयरटेल के एक्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन विट्टल का दोबारा चयन, राल्फ मुपिता और मार्गेरिटा डेल्ला वाल्ले को-डिप्टी चेयर की भूमिका निभाएंगे

मेरठ। भारती एयरटेल के एक्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल को जीएसएमए (GSMA) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने वर्ष 2027-2028 के कार्यकाल के लिए दोबारा चेयरमैन चुना है। उनका कार्यकाल दिसंबर 2028 तक रहेगा। विट्टल पिछले 10 वर्षों से जीएसएमए बोर्ड के सदस्य हैं और वर्ष 2025 से चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

जीएसएमए वैश्विक मोबाइल ऑपरेटरों और मोबाइल इकोसिस्टम से जुड़ी कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाला संगठन है। इसके बोर्ड ने राल्फ मुपिता को भी दोबारा को-डिप्टी चेयर चुना है। वहीं, मार्गेरिटा डेल्ला वाल्ले को इस पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है। दोनों दिसंबर 2028 तक इस भूमिका में काम करेंगे।

सुरक्षा और एआई पर रहेगा विशेष जोर

दोबारा चयन पर गोपाल विट्टल ने कहा कि मोबाइल उद्योग एक नए तकनीकी दौर में प्रवेश कर रहा है। इसमें उन्नत नेटवर्क, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ओपन डिजिटल प्लेटफॉर्म आर्थिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में साइबर सुरक्षा, ग्राहकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी और स्कैम से बचाना तथा दूरसंचार उद्योग को टिकाऊ बनाना प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। इसके साथ ही भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तकनीकी निवेश और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना होगा।

वैश्विक टेलीकॉम क्षेत्र में विट्टल की अहम भूमिका

गोपाल विट्टल भारती एयरटेल के एक्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन हैं। वे कंपनी और उसकी सहयोगी इकाइयों की रणनीति, डिजिटल एवं प्रौद्योगिकी, नेटवर्क विस्तार, खरीद और प्रतिभा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों का मार्गदर्शन करते हैं। इसके अलावा वे एयरटेल अफ्रीका और एयरटेल पेमेंट्स बैंक के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन भी हैं। बीटी ग्रुप के बोर्ड में भी नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की भूमिका निभा रहे हैं।

राल्फ मुपिता और मार्गेरिटा को भी मिली जिम्मेदारी

राल्फ मुपिता सितंबर 2020 से एमटीएन ग्रुप के प्रेसिडेंट एवं सीईओ हैं। इससे पहले वे कंपनी में ग्रुप चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर रह चुके हैं। अप्रैल 2025 से जीएसएमए के डिप्टी चेयर की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। वे अफ्रीका में कनेक्टिविटी, फिनटेक और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार से जुड़ी एमटीएन की 'एम्बिशन 2030' रणनीति का नेतृत्व कर रहे हैं।

वहीं, मार्गेरिटा डेल्ला वाल्ले के साथ दोनों को-डिप्टी चेयर के रूप में संगठन के वैश्विक एजेंडे को आगे बढ़ाएंगे। जीएसएमए के नेतृत्व में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब दूरसंचार क्षेत्र में एआई, डिजिटल सुरक्षा और अगली पीढ़ी के नेटवर्क को लेकर तेजी से काम हो रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts