सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को न्यायिक महकमा मैदान में, 18,708 जरूरतमंदों की हुई पहचान
सीसीएसयू में वृहद विधिक सेवा शिविर में 809 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ, 150 गांवों में पहले लगाए गए थे जागरूकता शिविर; किसी को सिलाई मशीन तो किसी को मिली इलेक्ट्रॉनिक व्हीलचेयर
मेरठ। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए न्यायिक और प्रशासनिक अमला एक मंच पर नजर आया। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में रविवार को आयोजित वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर में 809 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। किसी को रोजगार के लिए सिलाई मशीन मिली तो किसी दिव्यांग को इलेक्ट्रॉनिक व्हीलचेयर का सहारा मिला। किसानों को खाद, जरूरतमंदों को कान की मशीन और पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड व सोलर पैनल भी वितरित किए गए।
150 शिविरों में घर-घर तक पहुंची कानूनी जागरूकता
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्रा-द्वितीय ने बताया कि वृहद शिविर से पहले ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 150 छोटे विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किए गए थे। इनके माध्यम से 18,708 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए चिह्नित किया गया। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पैनल अधिवक्ताओं और पराविधिक स्वयंसेवकों ने उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
न्याय से वंचित न रहे कोई पात्र व्यक्ति
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सोनिका वर्मा ने लोगों को प्राधिकरण के इतिहास और निःशुल्क कानूनी सहायता की व्यवस्था के बारे में बताया। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए उनकी सही जानकारी होना जरूरी है। यदि किसी विभाग से योजनाओं की जानकारी नहीं मिलती है तो इसकी शिकायत अधिकारियों से करनी चाहिए। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि जरूरतमंद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे।
सिलाई मशीन, व्हीलचेयर और सोलर पैनल बांटे
शिविर में विभिन्न विभागों ने पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिया। महिलाओं को सिलाई मशीन, दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रॉनिक व्हीलचेयर, जरूरतमंदों को कान की मशीन और किसानों को खाद वितरित की गई। सौर ऊर्जा योजना के तहत सोलर पैनल उपलब्ध कराए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी के माध्यम से आयुष्मान कार्ड भी बांटे गए। अलग-अलग योजनाओं के जरिए कुल 809 लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई।
एक परिसर में जुटे कई विभाग, लगाए स्टॉल
शिविर में समाज कल्याण, दिव्यांगजन, जिला कारागार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचायती राज, वन और कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। इनके माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
कार्यक्रम के समापन पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अमित वीर सिंह ने अतिथियों, अधिकारियों और उपस्थित जनसमूह का आभार जताया। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामप्रसाद सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में बड़ी संख्या में लाभार्थियों और आमजन ने भाग लिया।






No comments:
Post a Comment