मेरठ में बनेंगी स्वचालित स्टैक पार्किंग, सरस्वती लोक में बनेगा उत्सव भवन
राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत करीब 19 करोड़ रुपये के दो प्रोजेक्ट को शासन की मंजूरी, चार स्थानों पर खड़ी हो सकेंगी 400 कारें
मेरठ। शहर में पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने और सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत शासन ने मेरठ में करीब 19 करोड़ रुपये की लागत वाले दो महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। इनमें चार स्थानों पर स्वचालित स्टैक पार्किंग का निर्माण और दिल्ली रोड स्थित सरस्वती लोक कॉलोनी के पास उत्सव भवन का निर्माण शामिल है।
चार स्थानों पर बनेंगी आधुनिक पार्किंग
शहर में लगातार बढ़ती वाहनों की संख्या और पार्किंग की कमी को देखते हुए करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से चार प्रमुख स्थानों पर स्वचालित स्टैक पार्किंग सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। इनमें कचहरी क्षेत्र भी शामिल है। प्रत्येक पार्किंग की क्षमता 100 कारों की होगी। इस तरह चारों स्थानों पर एक साथ 400 कारें खड़ी की जा सकेंगी।
स्वचालित स्टैक पार्किंग आधुनिक तकनीक पर आधारित होगी। इसमें कम जगह में अधिक वाहनों को खड़ा करने की सुविधा मिलेगी। इससे सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग की समस्या कम होने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
नौ करोड़ रुपये से बनेगा उत्सव भवन
दूसरे प्रोजेक्ट के तहत दिल्ली रोड स्थित सरस्वती लोक कॉलोनी के पास नगर निगम की ओर से उत्सव भवन का निर्माण कराया जाएगा। इस पर करीब नौ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उत्सव भवन बनने से शहरवासियों को शादी-विवाह, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
नगर निगम अब दोनों प्रोजेक्ट की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा।
डीपीआर भेजने की तैयारी
नगर निगम के मुख्य अभियंता प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शासन ने राज्य स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत चार स्थानों पर स्वचालित स्टैक पार्किंग और उत्सव भवन के निर्माण को मंजूरी दे दी है। जल्द ही डीपीआर भेजकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment