बीबी नगर बिजलीघर बना आदर्श, अन्य उपकेंद्र भी इसी तर्ज पर होंगे विकसित
एमडी रवीश गुप्ता ने अनुरक्षण माह में किया औचक निरीक्षण, बेहतर रखरखाव करने वाले कर्मचारियों को मिलेगा प्रशस्ति पत्र
मेरठ। अनुरक्षण माह के तहत पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने हापुड़ के उपेड़ा और बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत व्यवस्था की समीक्षा कर उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बीबी नगर बिजलीघर के बेहतर रखरखाव से संतुष्ट एमडी ने डिस्कॉम के अन्य उपकेंद्रों को भी इसी तर्ज पर आदर्श बिजलीघर के रूप में विकसित करने को कहा।
एमडी ने सबसे पहले उपेड़ा विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण किया। यहां कंट्रोल पैनल, स्विचयार्ड में पावर ट्रांसफार्मर और कंट्रोल रूम के विस्तार कार्य का जायजा लिया। कंट्रोल पैनल और पावर ट्रांसफार्मर सुचारु अवस्था में मिले। उन्होंने बिजलीघर और विद्युत यार्ड में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा उपकरणों के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने, त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और राजस्व वसूली बढ़ाने को कहा।
बीबी नगर बिजलीघर के रखरखाव की सराहना
इसके बाद एमडी ने स्याना विद्युत वितरण खंड के अंतर्गत 33/11 केवी उपकेंद्र बीबी नगर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्विचयार्ड की स्वच्छता, रखरखाव, 33 केवी फीडर कंट्रोल पैनल, ट्रांसफार्मर कंट्रोल पैनल और प्रोटेक्शन प्रणाली की कार्यशीलता का जायजा लिया। बेहतर व्यवस्था पर संतोष जताते हुए उन्होंने अन्य उपकेंद्रों को भी इसी तरह व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपकेंद्र पर रखे एलटी फ्यूज यूनिट बॉक्सों को जल्द ट्रांसफार्मरों पर स्थापित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। एमडी ने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली देना तथा उपकेंद्रों की सुरक्षा और बेहतर रखरखाव निगम की प्राथमिकता है।
उपेड़ा और बीबी नगर उपकेंद्रों के उत्कृष्ट रखरखाव में योगदान देने वाले टीजी-2 से लेकर अधिशासी अभियंता स्तर तक के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment