करियर, विवाह और रिश्तों पर छात्राओं से खुलकर संवाद

बेटियां फाउंडेशन के युवा संवाद में मीनू बाना ने बताए जीवन के महत्वपूर्ण निर्णयों से जुड़े पहलू

मेरठ। बेटियां फाउंडेशन की ओर से डॉ. अंबेडकर डिग्री कॉलेज में छात्राओं के लिए विशेष ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करियर, विवाह, रिश्तों और भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को जीवन के विभिन्न पड़ावों पर आने वाली चुनौतियों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सोच-समझकर निर्णय लेने के लिए प्रेरित करना रहा।

राष्ट्रीय महिला आयोग के ‘तेरे मेरे सपने’ सेंटर की हेड अंजू पांडेय ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में करियर की चिंता, विवाह का निर्णय और रिश्तों को समझने जैसी कई चुनौतियां सामने आ सकती हैं। ऐसे में सही समय पर उचित जानकारी और खुला संवाद बेहतर निर्णय लेने में मददगार साबित होता है।



बेटियां फाउंडेशन के ‘तेरे मेरे सपने’ केंद्र की ओर से छात्राओं को विवाह और रिश्तों से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी रिश्ते या महत्वपूर्ण प्रतिबद्धता से पहले आपसी संवाद, समझ, सम्मान, विश्वास, व्यक्तिगत सीमाओं, अपेक्षाओं और भविष्य की प्राथमिकताओं पर खुलकर बातचीत करना जरूरी है। विवाह से पहले संवाद केवल रिश्ते को समझने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तिगत भविष्य, मानसिक शांति और स्वस्थ पारिवारिक जीवन की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

सवालों के जरिए छात्राओं ने रखे विचार

कार्यक्रम में ‘तेरे मेरे सपने’ केंद्र की काउंसलर मीनू बाना और नोडल अधिकारी कुसुम शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। छात्राओं ने संवाद में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने भविष्य, करियर और रिश्तों से जुड़े सवाल पूछे तथा विचार साझा किए।

बेटियां फाउंडेशन ने कहा कि युवाओं को शिक्षा और करियर के साथ जीवन के महत्वपूर्ण निर्णय लेने तथा स्वस्थ रिश्ते बनाने के लिए जागरूक करना भी समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम का संदेश रहा कि सही समय पर संवाद और समझदारी से लिए गए निर्णय सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य की मजबूत नींव बनते हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts