भव्य भरत मिलाप शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा मेरठ

एक ही डोले पर विराजमान हुए प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न, जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा

मेरठ, लोकसत्य। श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा पंजीकृत मेरठ शहर के तत्वावधान में श्री रामलीला कमेटी पंजीकृत मेरठ शहर की ओर से शुक्रवार को भरत मिलाप की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। एक ही डोले पर प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न विराजमान रहे। मनमोहक झांकियों और बैंड-बाजों के बीच निकली शोभायात्रा ने पूरे शहर को राममय कर दिया।

शोभायात्रा का उद्घाटन राज किशोर रस्तोगी ने किया। मुख्य पूजन मनोज गुप्ता नई मंडी और मुकेश गौड़ ने किया, जबकि तिलक की रस्म नीरज मित्तल, कुशान गोयल और अजय मांगलिक ने निभाई। शोभायात्रा समिति के संयोजक राकेश गौड़, मनोज वर्मा, विनीत गोयल, हिमांशु अग्रवाल, सचिन जिंदल और अतुल दीक्षित रहे।

जैसे-जैसे शोभायात्रा शहर के प्रमुख बाजारों और गलियों से होकर गुजरी, श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयघोष के साथ प्रभु का स्वागत किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई। घरों की छतों और सड़कों पर खड़े श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। महिलाओं ने आरती की थाल सजाकर प्रभु की आराधना की, वहीं बच्चों ने ध्वज और पुष्प लेकर अपनी श्रद्धा प्रकट की। ताशे, ढोल, नगाड़ों और बैंड की धुनों पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। कई स्थानों पर राहगीरों और शोभायात्रा में शामिल भक्तों को पानी, जूस और फल वितरित कर सेवा की गई।

शोभायात्रा में श्री रामलीला कमेटी का बैनर, ताशा, गणेश जी, राजा बैंड, हनुमान जी, भारत चमन बैंड, तिरुपति बालाजी, जगन्नाथ जी का बोलता स्वरूप, राधा-कृष्ण की इस्कॉन झांकी, राजू बैंड, श्रीराम जी, शिव-पार्वती जी, रवि बैंड, नपरी रूपा, चार घोड़े और झंडे के साथ सिपाही आकर्षण का केंद्र रहे। मुख्य डोले पर प्रभु श्रीराम विराजमान थे। झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

शोभायात्रा श्री सनातन धर्म मंदिर, बुढ़ाना गेट से प्रारंभ होकर सुभाष बाजार, कोतवाली के सामने, गुदड़ी बाजार, बजाजा, सर्राफा बाजार, अनाज मंडी, वैली बाजार, चौपला घंटाघर, लाला का बाजार, शीश महल, बाबा खाकी, खत्रियों का चौक, मोनी आटा चक्की और बीरू कुआं होते हुए वापस सनातन धर्म मंदिर, बुढ़ाना गेट पहुंचकर संपन्न हुई।

24 अक्टूबर को होगा भगवान श्रीराम का राजतिलक

श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि शनिवार, 24 अक्टूबर को शाम सात बजे दाल मंडी, कबाड़ी बाजार, मेरठ में भगवान श्रीराम का राजतिलक समारोह आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष मनोज गुप्ता (राधा गोविंद मंडप), महामंत्री मनोज अग्रवाल खद्दर वाले, कोषाध्यक्ष योगेंद्र अग्रवाल बबलू, डॉ. आलोक गुप्ता (गुप्ता क्लासेज), राकेश गर्ग, रोहताश प्रजापति, राकेश शर्मा, विपुल सिंघल और मयंक अग्रवाल सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts