दीपावली के बाद इनर रिंग रोड के लिए जमीन खरीदेगा मेडा
230 करोड़ रुपये से बनेगा 3.6 किमी लंबा हिस्सा, गूमी और जुर्रानपुर के किसानों से सहमति के आधार पर खरीदी जाएगी भूमि
मेरठ। इनर रिंग रोड निर्माण की दिशा में मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) ने जमीन खरीदने की तैयारी तेज कर दी है। दीपावली के बाद गूमी और जुर्रानपुर गांवों के किसानों से सहमति के आधार पर भूमि खरीदी जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला दर निर्धारण एवं क्रय समिति की बैठक दीपावली से पहले प्रस्तावित है। परियोजना के लिए भूमि खरीद पर 162 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जबकि सड़क निर्माण पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) 68 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
दो हिस्सों में बनेगी 3.6 किमी सड़क
इनर रिंग रोड के 5.7 किलोमीटर लंबे महत्वपूर्ण हिस्से की योजना तैयार की गई है। इसमें 3.6 किलोमीटर सड़क का निर्माण मेडा कराएगा। इसके दो हिस्से होंगे। पहला हिस्सा वेदव्यासपुरी से दिल्ली रोड तक और दूसरा शताब्दीनगर से जुर्रानपुर रेलवे लाइन के पास तक बनाया जाएगा। दूसरे हिस्से के निर्माण के लिए गूमी और जुर्रानपुर गांवों में जमीन खरीदी जाएगी।
किसानों से लिए जा चुके हैं सहमति पत्र
प्रस्तावित सड़क के एलाइनमेंट में आने वाली भूमि का सर्वे और चिह्नांकन किया जा चुका है। संबंधित खसरों के किसानों से सहमति पत्र भी लिए गए हैं। मेडा में भूमि खरीद के लिए क्रय समिति की बैठक से संबंधित फाइल तैयार की जा रही है। जमीन खरीदने के बाद इसे सड़क निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी को हस्तांतरित किया जाएगा।
दो स्थानों पर बनेंगे रेलवे ओवरब्रिज
इनर रिंग रोड परियोजना के तहत पूठा के पास रेलवे लाइन पर सेतु निगम ओवरब्रिज बनाएगा। वहीं, जुर्रानपुर गांव में रेलवे लाइन पर अधूरे पड़े ओवरब्रिज का निर्माण आवास विकास परिषद कराएगा। इन कार्यों से सड़क के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने और यातायात सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
मेडा उपाध्यक्ष संजय कुमार मीना के अनुसार, जमीन खरीदने के लिए क्रय समिति की बैठक की प्रक्रिया चल रही है। बैठक के बाद किसानों से भूमि खरीदने की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।


No comments:
Post a Comment