उद्योगों की समस्याओं पर सख्त हुए मंडलायुक्त, इसी माह भूखंडों की रजिस्ट्री कराने के निर्देश
मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में सुरक्षा, सफाई और कूड़ा निस्तारण के मुद्दे उठे; छह जिलों के लंबित मामलों की होगी समीक्षा
मेरठ। मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में सोमवार को आयुक्त सभागार में मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। इसमें उद्यमियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) को कैंची क्लस्टर के आवंटियों के भूखंडों की रजिस्ट्री इसी माह पूरी कराने के निर्देश दिए। वहीं, औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई और कूड़ा निस्तारण की समस्या के समाधान के लिए नगर आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में अपर आयुक्त उद्योग ने मंडलायुक्त, अधिकारियों और औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों का स्वागत किया। इसके बाद निर्धारित एजेंडे के अनुसार उद्यमियों की समस्याओं और उनके निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गई।
सर्राफा बाजार की सुरक्षा का मुद्दा उठा
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन की ओर से सुरक्षा और चोरी की घटनाओं से संबंधित समस्या उठाई गई। इस पर पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि सोना व्यापारियों और एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ समय-समय पर बैठकें की जाती हैं। सर्राफा बाजार में सुरक्षा के लिए पुलिस पिकेट लगाई गई है और नगर पुलिस अधीक्षक द्वारा समय-समय पर ड्यूटी की जांच भी की जाती है।
उन्होंने बताया कि सोने की चोरी से संबंधित मामलों में साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी हुए माल की बरामदगी के लिए कार्रवाई की गई है। फिलहाल इस संबंध में कोई नया प्रकरण संज्ञान में नहीं आया है। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के बाद मंडलायुक्त ने इस प्रकरण को निस्तारित करने के निर्देश दिए।
कैंची क्लस्टर की समस्याओं के समाधान पर जोर
कैंची क्लस्टर मैस्मा की ओर से भूखंडों की रजिस्ट्री में देरी, कूड़ा और गंदगी की समस्या उठाई गई। मंडलायुक्त ने एमडीए को निर्देश दिए कि आवंटियों के भूखंडों की रजिस्ट्री इसी महीने पूरी कराई जाए। औद्योगिक क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने और कूड़े का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए नगर आयुक्त को आवश्यक कदम उठाने को कहा।
बैठक में मिडफो की ओर से संबंधित मार्ग पर सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग के संदर्भ में संचालन शुरू होने पर उद्यमियों ने मंडलायुक्त का आभार जताया।
छह जिलों के लंबित मामलों की होगी समीक्षा
मंडलायुक्त ने अपर आयुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि मेरठ मंडल के सभी छह जिलों से कम से कम छह ऐसे प्रकरण चिह्नित किए जाएं, जिनका कई महीनों से जिला उद्योग बंधु समिति के माध्यम से निस्तारण नहीं हो पाया है। इन लंबित मामलों को आगामी मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में शामिल किया जाएगा, ताकि संबंधित विभागों से जवाब लेकर समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
बैठक में मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर आयुक्त उद्योग, पुलिस उपाधीक्षक, उप जिलाधिकारी नगर, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, विभिन्न जिलों के उपायुक्त उद्योग, विद्युत वितरण निगम, यूपीसीडा, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, राज्य कर विभाग, श्रम विभाग, ईएसआईसी और प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
इसके अलावा लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव राजकुमार शर्मा, पंकज कुमार जैन, पंकज कुमार गुप्ता, यूूपी चैंबर ऑफ कॉमर्स के राकेश रस्तौगी, मिडफो और कैंची क्लस्टर मैस्मा के पदाधिकारियों सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment