फेक सर्वे से बसपा को कमजोर दिखाने की साजिश का मायावती ने लगाया आरोप

2007 के चुनाव का हवाला देकर बोलीं- पार्टी को कम आंकने की न करें गलती, यूपी, उत्तराखंड और पंजाब में चुनावी तैयारियों में जुटी बसपा

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी को कमजोर दिखाने के लिए कथित तौर पर फर्जी और भ्रामक सर्वेक्षणों का प्रचार किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और बहुजन समाज के लोगों से विरोधियों के दुष्प्रचार से सावधान रहने की अपील की।

मायावती ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए बसपा अच्छे और मजबूत उम्मीदवारों के चयन के साथ जमीनी स्तर पर तैयारियां कर रही है। इसी बीच मीडिया और सोशल मीडिया पर धनबल के दुरुपयोग के जरिए ऐसे सर्वेक्षणों का प्रचार किया जा रहा है, जिनमें बसपा को कमजोर दिखाया जा रहा है।

2007 के चुनाव का दिया उदाहरण

बसपा प्रमुख ने कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी को कम करके आंकने और उसके खिलाफ भ्रामक प्रचार करने का सिलसिला पहले भी चलता रहा है। उन्होंने वर्ष 2007 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भी पार्टी को लेकर कई तरह के अनुमान लगाए गए थे, लेकिन बसपा ने पूर्ण बहुमत से सरकार बनाई थी। मायावती ने दावा किया कि उस समय उनकी सरकार ने ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति के साथ कानून का राज स्थापित करने की दिशा में काम किया।

कार्यकर्ताओं से जुटने की अपील

मायावती ने समाजवादी पार्टी और भाजपा की सरकारों से असंतुष्ट लोगों, खासकर बहुजन समाज के लोगों से विरोधी दलों के कथित हथकंडों और भ्रामक प्रचार से सतर्क रहने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटे रहने की अपील की। साथ ही उत्तर प्रदेश में अपने नेतृत्व में पांचवीं बार बसपा की सरकार बनाने का लक्ष्य दोहराया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts