राखी सावंत को कोर्ट से राहत, गैर-जमानती वारंट रद्द

2010 में युवक की आत्महत्या से जुड़ा है मामला, इलाहाबाद हाई कोर्ट के स्थगन आदेश के आधार पर झांसी की अदालत ने लिया फैसला

झांसी। अभिनेत्री राखी सावंत को वर्ष 2010 में एक युवक की आत्महत्या से जुड़े मामले में राहत मिली है। झांसी की अदालत ने गुरुवार को उनके खिलाफ जारी गैर-जमानती वारंट रद्द कर दिया। बचाव पक्ष की ओर से इलाहाबाद हाई कोर्ट के उस आदेश की प्रति पेश की गई थी, जिसमें मामले की आगे की कार्यवाही पर रोक लगाई गई थी।

राखी सावंत के अधिवक्ता आशु सिंह के अनुसार, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) की अदालत ने 16 अक्टूबर को अभिनेत्री के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। इसके बाद बचाव पक्ष ने वारंट रद्द करने के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल किया। हाई कोर्ट के स्थगन आदेश को आधार बनाते हुए वारंट निरस्त करने की मांग की गई, जिसे फास्ट ट्रैक कोर्ट ने स्वीकार कर लिया।

टीवी शो की टिप्पणी से जुड़ा है मामला

यह मामला झांसी के हंसारी क्षेत्र निवासी लक्ष्मण अहिरवार की मौत से संबंधित है। लक्ष्मण की मां ने प्रेमनगर थाने में राखी सावंत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक टेलीविजन शो के दौरान अभिनेत्री की कथित आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियों से आहत होकर लक्ष्मण ने आत्महत्या कर ली थी।

शिकायत के अनुसार, 24 वर्षीय लक्ष्मण अहिरवार ने 10 नवंबर 2010 को आत्महत्या की थी। मामला इन्हीं आरोपों से जुड़ा है।

2011 में हाई कोर्ट ने लगाई थी रोक

अधिवक्ता आशु सिंह के मुताबिक, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 7 दिसंबर 2011 को मामले में आगे की कार्यवाही पर अगले आदेश तक रोक लगा दी थी। बचाव पक्ष ने इसी आदेश का हवाला देकर गैर-जमानती वारंट रद्द करने की मांग की थी। अदालत ने हाई कोर्ट के आदेश के आधार पर वारंट निरस्त कर दिया।

दलेर मेहंदी के समर्थन में भी आईं राखी

दूसरी ओर, उत्तराखंड के टिहरी में कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या के दौरान गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर हुए विवाद पर भी राखी सावंत ने प्रतिक्रिया दी है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी पर शराब पीने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई थी। इसके बाद मीका सिंह ने गायक का समर्थन किया और अब राखी भी उनके पक्ष में सामने आई हैं।

राखी ने वीडियो जारी कर कहा कि वह दलेर मेहंदी को लंबे समय से जानती हैं और उनके साथ काम कर चुकी हैं। उनके मुताबिक, उन्होंने दलेर मेहंदी को कभी शराब पीते नहीं देखा। राखी ने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ किसी कलाकार की तबीयत बिगड़ सकती है, लेकिन ऐसी स्थिति में उसे अपमानित करना उचित नहीं है। उन्होंने आयोजकों से कलाकारों के सम्मान का ध्यान रखने की अपील भी की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts