एसबीआई कार्ड और इटर्नल ने लॉन्च किया को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड
जोमैटो, ब्लिंकिट और डिस्ट्रिक्ट पर मिलेगी 10% तक तत्काल छूट, चुनिंदा सेवाओं पर 5% कैशबैक; 22 अक्टूबर से चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध होगा कार्ड
मेरठ। एसबीआई कार्ड और इटर्नल लिमिटेड ने मिलकर सह-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड ‘इटर्नल एसबीआई कार्ड’ लॉन्च किया है। रोजमर्रा की खरीदारी और डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए इस कार्ड के लिए अर्ली एक्सेस की सुविधा भी शुरू की गई है। ग्राहक जोमैटो, ब्लिंकिट और डिस्ट्रिक्ट ऐप के माध्यम से आवेदन के लिए अनुरोध कर सकते हैं। 22 अक्टूबर 2026 से चरणबद्ध तरीके से ग्राहकों को आवेदन का आमंत्रण भेजा जाएगा।
एसबीआई कार्ड की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सलिला पांडे ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य ग्राहकों की जीवनशैली और खर्च संबंधी जरूरतों के अनुरूप बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उनके अनुसार, यह कार्ड कई श्रेणियों में कैशबैक और छूट के साथ ग्राहकों को अतिरिक्त लाभ प्रदान करेगा।
जोमैटो, ब्लिंकिट और डिस्ट्रिक्ट पर छूट
कार्डधारकों को जोमैटो, डिस्ट्रिक्ट और ब्लिंकिट पर लेन-देन करने पर 10 प्रतिशत तक तत्काल छूट मिलेगी। ब्लिंकिट पर इलेक्ट्रॉनिक्स और ब्यूटी उत्पादों की खरीदारी पर 10 प्रतिशत, जबकि अन्य पात्र श्रेणियों में 5 प्रतिशत छूट दी जाएगी। इन प्लेटफॉर्म पर मिलने वाली संबंधित छूटों की कुल सीमा 2,000 रुपये प्रति माह होगी। इसके अलावा बिस्ट्रो पर 10 प्रतिशत तत्काल छूट और डिस्ट्रिक्ट के माध्यम से मूवी टिकट खरीदने पर एक टिकट के साथ दूसरा मुफ्त पाने का ऑफर भी मिलेगा। ये लाभ प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध अन्य ऑफर के अतिरिक्त होंगे।
चुनिंदा सेवाओं पर 5% कैशबैक
इटर्नल एसबीआई कार्ड से अपोलो 24|7, इक्सिगो, उबर और अर्बन कंपनी पर खर्च करने पर 5 प्रतिशत कैशबैक मिलेगा। इसकी अधिकतम सीमा 1,000 रुपये प्रति माह निर्धारित की गई है। कार्ड में ऑटो-कैशबैक की सुविधा भी है, जिसके तहत स्टेटमेंट तैयार होने पर पात्र लेन-देन का कैशबैक सीधे कार्ड खाते में जमा हो जाएगा।
इटर्नल के मुख्य वित्तीय अधिकारी अक्षांत गोयल ने कहा कि कार्ड का उद्देश्य ग्राहकों के रोजमर्रा के खर्चों को अधिक लाभकारी बनाना है। जोमैटो, ब्लिंकिट और डिस्ट्रिक्ट जैसी सेवाओं को केंद्र में रखकर इसे तैयार किया गया है, ताकि ग्राहक एक ही इकोसिस्टम में कई तरह के लाभ प्राप्त कर सकें।
जॉइनिंग फीस 499 रुपये
कार्ड के लिए 499 रुपये जॉइनिंग फीस देने पर ग्राहकों को छह महीने की जोमैटो गोल्ड सदस्यता स्वागत लाभ के रूप में मुफ्त मिलेगी। पिछले 12 महीनों में दो लाख रुपये का वार्षिक खर्च पूरा करने पर कार्डधारक नियमानुसार वार्षिक शुल्क में छूट का लाभ भी उठा सकेंगे। प्रत्येक स्टेटमेंट अवधि में 200 रुपये तक एक प्रतिशत फ्यूल सरचार्ज छूट की सुविधा भी दी गई है।


No comments:
Post a Comment