समृद्धि हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर, 7 की मौत; 21 घायल
शेगांव से मां दुर्गा की मूर्ति लेकर वर्धा जा रहे थे श्रद्धालु, धामणगांव के पास हुआ भीषण हादसा; 4-5 घायलों की हालत गंभीर
महाराष्ट्र, 2 अक्टूबर। महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। धामणगांव रेलवे के पास चैनल नंबर 97 पर तेज रफ्तार ट्रक और श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में 4-5 की हालत गंभीर बताई गई है।
मां दुर्गा की मूर्ति लेकर जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, पिकअप वैन में सवार लोग बुलढाणा जिले के शेगांव से मां दुर्गा की मूर्ति लेकर वर्धा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान समृद्धि महामार्ग पर धामणगांव रेलवे के पास ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस, अस्पताल में कराया भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही धामणगांव रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को तत्काल धामणगांव ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इलाज के दौरान दो अन्य घायलों ने दम तोड़ दिया। करीब 14-15 घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की जानकारी मिलने के बाद अमरावती ग्रामीण एसपी निकेतन कदम और धामणगांव की नगराध्यक्ष अर्चना रोठे भी अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हाल जाना। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियां जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगी।
समृद्धि महामार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

No comments:
Post a Comment