भटीपुरा में स्वास्थ्य शिविर: 445 ग्रामीणों का उपचार, 265 की आंखों की जांच
कैंसर की भी हुई स्क्रीनिंग, जरूरतमंदों को बांटे निशुल्क चश्मे; सेवा संकल्प अभियान के शिविरों से अब तक 21 हजार लोग लाभान्वित
मेरठ। किठौर ब्लॉक के भटीपुरा गांव स्थित ग्राम सचिवालय में रविवार को न्यूबर्ग औद्योगिक समूह एवं जसवंत सिंह रामेश्वरी त्यागी ट्रस्ट की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत 21वां निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 445 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर उपचार एवं परामर्श दिया गया, जबकि 265 लोगों की आंखों की जांच कर जरूरतमंदों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए। अभियान के तहत अब तक आयोजित शिविरों से करीब 17 हजार लोग लाभान्वित हो चुके हैं।
शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए न्यूबर्ग औद्योगिक समूह की ओर से किया जा रहा प्रयास सराहनीय है।
कैंसर समेत विभिन्न बीमारियों की जांच
शिविर में रक्तचाप, मधुमेह सहित विभिन्न बीमारियों की जांच की गई। कुल 305 लोगों की रक्त जांच हुई। इसके अलावा 112 लोगों की मुंह के कैंसर, 172 महिलाओं की स्तन कैंसर और 95 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराईं। जरूरतमंदों को निशुल्क चश्मे और सैनिटरी पैड वितरित किए गए।
चश्मा पाकर बुजुर्गों के चेहरे खिले
शिविर में स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचीं मुन्नी देवी ने आयोजन की सराहना की। ब्रह्मकौर ने निशुल्क चश्मा मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें बिना चश्मे के देखने में परेशानी होती थी। चश्मा मिलने से अब उन्हें काफी राहत मिली है। वहीं, 85 वर्षीय भगवती ने बताया कि उम्र बढ़ने के साथ उनकी आंखों की रोशनी कम हो गई थी। चश्मा मिलने से अब उन्हें बेहतर दिखाई देने लगा है।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अशोक कुमार त्यागी, चेयरमैन अशोक कुमार, ग्राम प्रधान कुंवर पाल सिंह, पूर्व प्रधान अरुण सिंह उर्फ बबल, संदीप त्यागी सुपुत्र सत्यवीर त्यागी , मनोज कुमार, वीर बहादुर सिंह, ब्रजपाल सिंह, विनोद शर्मा, बिशन पाल सिंह, विक्रांत देशवाल, दीपक कुमार, ब्रजवीर सिंह, रवीश कुमार, सुमित त्यागी, सुनील त्यागी, कृष्ण त्यागी और कपिल त्यागी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment