डांडिया की खुशियां मातम में बदलीं, कॉलेज में लाइटिंग का भारी ढांचा गिरने से छात्रा की मौत, 12 घायल
तेलंगाना के एमवीएसआर इंजीनियरिंग कॉलेज में वार्षिक उत्सव के दौरान हादसा; परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप, कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज
हैदराबाद। तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में डांडिया कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नादरगुल स्थित एमवीएसआर इंजीनियरिंग कॉलेज में लाइटिंग के लिए लगाया गया भारी धातु का ढांचा अचानक गिर गया। इसकी चपेट में आने से प्रथम वर्ष की एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक छात्रा की पहचान सोना नारायण दास के रूप में हुई है। वह इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (ईईई) विभाग में प्रथम वर्ष की छात्रा थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कॉलेज के दो दिवसीय वार्षिक तकनीकी एवं सांस्कृतिक उत्सव 'संगमम' के समापन पर डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मैदान में सैकड़ों छात्र-छात्राएं नृत्य कर रहे थे। इसी दौरान तेज हवा चलने से स्टेज की सजावटी लाइटों को सहारा देने वाला विशाल धातु का ढांचा टूटकर छात्राओं के समूह पर गिर गया।
अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित की गई छात्रा
हादसे के बाद घायल छात्र-छात्राओं को कॉलेज के वाहनों और अन्य माध्यमों से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक, हादसे में 12 लोग घायल हुए हैं। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई गई। मृतक छात्रा के परिजनों का कहना है कि उन्हें फोन पर हादसे की सूचना मिली थी। जब वे अस्पताल पहुंचे तो छात्रा को मृत घोषित किया जा चुका था।
परिजनों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
मृतक छात्रा के चाचा सुरेश ने आरोप लगाया कि कॉलेज में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। उनके मुताबिक, हादसे के समय तेज हवा चल रही थी और लाइटिंग व सजावट के लिए लगाया गया खंभा अचानक गिर गया। उन्होंने कहा कि परिवार को इस घटना के लिए जवाब चाहिए और सुरक्षा में हुई चूक की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
कॉलेज प्रबंधन ने तेज हवाओं को बताया वजह
कॉलेज के निदेशक प्रसन्ना कुमार ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि तेज आंधी के कारण लाइटिंग स्टैंड दबाव नहीं सह सका और गिर गया। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय कॉलेज के वाहनों से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। प्रबंधन घायलों के उपचार और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने की बात कह रहा है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, पुलिस जांच में जुटी
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने छात्रा की मौत पर दुख व्यक्त किया है। वहीं, भाजपा नेता अंडाला श्रीरामुलु यादव ने घटनास्थल का दौरा कर कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पर्याप्त सहारे के बिना ऊंचे ढांचे लगाए गए थे। पुलिस ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के वास्तविक कारणों और सुरक्षा इंतजामों में संभावित चूक की जांच की जा रही है।


No comments:
Post a Comment