यूपी में स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल, 31 डॉक्टरों को नई तैनाती; मेरठ के दो चिकित्सकों को मिली जिम्मेदारी
अपर निदेशक ग्रेड में पदोन्नति के बाद शासन ने जारी किए आदेश, डॉ. महेंद्र सिंह बने प्यारे लाल शर्मा जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक
लखनऊ/मेरठ। उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संवर्ग के 31 चिकित्साधिकारियों को लेवल-4 से लेवल-5 यानी अपर निदेशक ग्रेड में पदोन्नति के बाद नई तैनाती दी गई है। शासन ने शनिवार को इसके आदेश जारी किए। सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य रितु माहेश्वरी की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित चिकित्साधिकारियों को नई तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
नई तैनातियों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशालय, विभिन्न मंडलों और जिला चिकित्सालयों में अपर निदेशक, प्रमुख अधीक्षक और मुख्य परामर्शदाता के पद शामिल हैं। इस फेरबदल में मेरठ के जिला चिकित्सालय और जिला जेल चिकित्सालय से जुड़े चिकित्सकों को भी नई जिम्मेदारी मिली है।
मेरठ के डॉ. महेंद्र सिंह और डॉ. मुकेश कुमार को नई जिम्मेदारी
डॉ. महेंद्र सिंह को मेरठ के प्यारे लाल शर्मा जिला चिकित्सालय में ही प्रमुख अधीक्षक के पद पर तैनाती दी गई है। वहीं, मेरठ के जिला जेल चिकित्सालय में तैनात डॉ. मुकेश कुमार को प्रमुख अधीक्षक, जिला चिकित्सालय सहारनपुर बनाया गया है।
राजेश झा बने राज्य क्षय रोग अधिकारी
गोरखपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा को लखनऊ स्थित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशालय में राज्य क्षय रोग अधिकारी बनाया गया है। हरदोई के सीएमओ डॉ. भवनाथ पांडेय को अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आजमगढ़ मंडल की जिम्मेदारी दी गई है।
डॉ. अनिल कुमार चौधरी को बलरामपुर से अपर निदेशक, देवीपाटन मंडल गोंडा भेजा गया है। डॉ. निशी सिंह को अलीगढ़ के पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय से अपर निदेशक, मुरादाबाद मंडल और डॉ. नूपुर श्रीवास्तव को गोरखपुर के आरएचओ ट्रेनिंग सेंटर से अपर निदेशक, बस्ती मंडल बनाया गया है।
डॉ. राजेश कुमार को प्रयागराज मंडल से अपर निदेशक, अयोध्या मंडल भेजा गया है। डॉ. संदेश कुमार श्रीवास्तव को बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर से महानिदेशालय लखनऊ में अपर निदेशक की जिम्मेदारी मिली है। डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल को अमेठी के गौरीगंज स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय से अपर निदेशक, गोरखपुर मंडल बनाया गया है।
डॉ. अजय कुमार तिवारी को संत रविदास नगर के जिला संयुक्त चिकित्सालय से अपर निदेशक, झांसी मंडल और डॉ. विवेक अवस्थी को वाराणसी के आरएचओ ट्रेनिंग सेंटर से महानिदेशालय लखनऊ में अपर निदेशक पद पर तैनाती दी गई है।
महानिदेशालय और जिला अस्पतालों में भी बदलाव
डॉ. नंदन्य कश्यप को बुलंदशहर के 100 बेड संयुक्त चिकित्सालय से अपर निदेशक, चित्रकूटधाम मंडल बांदा और डॉ. रविंद्र कुमार सक्सेना को झांसी जिला चिकित्सालय से अपर निदेशक, प्रयागराज मंडल भेजा गया है। डॉ. संतोष कुमार चक को संत रविदास नगर से महानिदेशालय लखनऊ में अपर निदेशक बनाया गया है। डॉ. सरला चौधरी, डॉ. योगेश चंद्र शर्मा, डॉ. मनोज करौली, डॉ. युगल किशोर राय और डॉ. भूपमूर्ति यादव को भी महानिदेशालय लखनऊ में अपर निदेशक पद पर तैनाती मिली है।
डॉ. अजय राणा को गौतमबुद्ध नगर से प्रमुख अधीक्षक, जिला चिकित्सालय आगरा बनाया गया है। डॉ. अवधेश चौबे को श्रावस्ती से प्रमुख अधीक्षक, जिला चिकित्सालय प्रयागराज और डॉ. अनिल कुमार को बस्ती से प्रमुख अधीक्षक, जिला चिकित्सालय आजमगढ़ भेजा गया है। डॉ. शालभ मोहन को कानपुर देहात से प्रमुख अधीक्षक, जिला महिला चिकित्सालय गोरखपुर बनाया गया है।
डॉ. संजय कुमार वर्मा को मुजफ्फरनगर से प्रमुख अधीक्षक, जिला चिकित्सालय गोरखपुर; डॉ. सुजीत कुमार यादव को बलिया से प्रमुख अधीक्षक, जिला चिकित्सालय बस्ती; डॉ. संजीव गुप्ता को मुजफ्फरनगर से प्रमुख अधीक्षक, जिला चिकित्सालय बरेली और डॉ. नीरज अग्रवाल को मथुरा से प्रमुख अधीक्षक, जिला चिकित्सालय मुरादाबाद की जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्य परामर्शदाता पदों पर भी नियुक्तियां
डॉ. राजीव सिंह भदौरिया को झांसी से मुख्य परामर्शदाता, कानपुर नगर भेजा गया है। डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव को लखनऊ के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) चिकित्सालय में मुख्य परामर्शदाता बनाया गया है। डॉ. दिग्विजय सिंह को मिर्जापुर मंडल से अपर निदेशक, वाराणसी मंडल में तैनाती दी गई है।


No comments:
Post a Comment