एअर इंडिया का बड़ा फैसला

सऊदी अरब की उड़ानों पर 24 अक्तूबर तक बढ़ाई रोक
- यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड
नई दिल्ली (एजेंसी)।एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सऊदी अरब के तीन प्रमुख शहरों जेद्दा, रियाद और दमाम से आने-जाने वाली उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। एयरलाइन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि यह रोक 24 अक्तूबर 2026 तक लागू रहेगी। इस फैसले से प्रभावित यात्रियों को टिकट की तारीख बदलने, वैकल्पिक एयरपोर्ट से यात्रा करने और रिफंड लेने का विकल्प दिया गया है।

एअर इंडिया के अनुसार, जिन यात्रियों के पास 15 अक्तूबर 2026 या उससे पहले जारी किए गए कन्फर्म टिकट हैं और जिनकी यात्रा की तारीख 9 से 25 अक्तूबर 2026 के बीच है, उन्हें विशेष सुविधा मिलेगी। ऐसे यात्री संबंधित एयरलाइन में 10 नवंबर 2026 तक एक बार बिना अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलवा सकते हैं। यह सुविधा पात्र बुकिंग पर लागू होगी। एयरलाइन ने कहा कि वह यात्रियों की यात्रा योजनाओं में होने वाली परेशानी को समझती है और इस दौरान उन्हें अधिक से अधिक लचीलापन देने की कोशिश कर रही है।
जेद्दा, रियाद और दमाम की उड़ानों के प्रभावित होने पर यात्री खाड़ी क्षेत्र के कुछ अन्य शहरों से यात्रा की री-बुकिंग करा सकते हैं। हालांकि, यह सुविधा संबंधित एयरलाइन में उपलब्धता पर निर्भर करेगी। एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि वैकल्पिक शहर से यात्रा करने का विकल्प चुनने वाले यात्रियों को अपने पसंदीदा प्रस्थान शहर तक पहुंचने की व्यवस्था खुद करनी होगी। इसके साथ ही उन्हें संबंधित देश के वीजा और प्रवेश संबंधी नियमों का भी पालन करना होगा।

उड़ान रद्द होने पर मिलेगा पूरा रिफंड
एअर इंडिया ने कहा है कि जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, वे यात्रा नहीं करने की स्थिति में पूरा रिफंड लेने का विकल्प भी चुन सकते हैं। यात्रियों को री-बुकिंग या रिफंड से जुड़ी सहायता देने के लिए एयरलाइन के संपर्क केंद्र और खाड़ी देशों के साथ भारत स्थित शहरों में बुकिंग कार्यालय उपलब्ध रहेंगे। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी बुकिंग की स्थिति और उपलब्ध विकल्पों की पुष्टि सीधे संबंधित एयरलाइन से करें।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts