कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पंडाल में भगदड़, 18 की मौत
बारिश से बचने के लिए पंडाल में जमा हुई भीड़, प्रवेश के दौरान मची धक्का-मुक्की; 45 से अधिक घायल, 91 साल पुराना है दुर्गा पूजा आयोजन
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शनिवार शाम चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मचने से 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 45 से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में तीन पुरुष, 13 महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। हालांकि, कोलकाता मेडिकल कॉलेज के सूत्रों ने मृतकों की संख्या 20 होने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7:40 बजे बारिश शुरू होने पर उससे बचने के लिए बड़ी संख्या में लोग पंडाल के अंदर जमा हो गए। इसी दौरान नए लोगों के प्रवेश की कोशिश के बीच भीड़ का दबाव बढ़ गया और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोग कुचलकर घायल हो गए।
भीड़ का दबाव बढ़ने से गिरा पंडाल का हिस्सा
चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के संस्थापक प्रीतम सरकार ने बताया कि बारिश शुरू होते ही बड़ी संख्या में लोग पंडाल के अंदर आने लगे थे। व्यवस्था के तहत एक बार में सीमित संख्या में लोगों को प्रवेश दिया जा रहा था, लेकिन अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया। इससे पंडाल का एक हिस्सा गिर गया और भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई।
पंडाल की लाइटें बंद, प्रवेश पर रोक
हादसे के बाद पंडाल की लाइटें बंद कर दी गईं और लोगों की एंट्री रोक दी गई। घटना के बाद शहर के कई अन्य दुर्गा पूजा पंडाल भी बंद कर दिए गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पश्चिम बंगाल सरकार ने प्रभावित लोगों की सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18003455678 जारी किया है।
चोरबागान का यह दुर्गा पूजा पंडाल करीब 91 साल से लगाया जा रहा है। हादसे के बाद आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।



No comments:
Post a Comment