विधानसभा चुनाव की तैयारियों का मेरठ में होगा महा-मंथन, 18 जिलों के अफसर जुटेंगे

2 नवंबर को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप सिंह रिणवा करेंगे समीक्षा, चार मंडलों के कमिश्नर, डीएम और पुलिस अधिकारी देंगे प्रेजेंटेशन

मेरठ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर निर्वाचन आयोग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश से समीक्षा की शुरुआत करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में आगामी 2 नवंबर को मेरठ में चार मंडलों के 18 जिलों के अधिकारियों की अहम बैठक होगी। इसमें प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप सिंह रिणवा समेत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में चुनावी तैयारियों की समीक्षा के साथ व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने पर मंथन किया जाएगा।

चार मंडलों के अधिकारी होंगे शामिल

बैठक में मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और अलीगढ़ मंडल के अधिकारी हिस्सा लेंगे। चारों मंडलों के मंडलायुक्त, जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त और एसएसपी अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव को लेकर की गई तैयारियों का प्रेजेंटेशन देंगे। इसमें प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर अब तक की गई तैयारियों की जानकारी साझा की जाएगी।

कमियों को दूर करने के दिए जाएंगे निर्देश

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप सिंह रिणवा के साथ अपर और उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहेंगे। भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी समीक्षा में शामिल होंगे। बैठक में मतदाता सूची, मतदान केंद्रों की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और चुनाव से जुड़ी अन्य तैयारियों की स्थिति पर चर्चा होने की संभावना है। अधिकारियों को जहां भी कमियां मिलेंगी, उन्हें दूर करने के निर्देश दिए जाएंगे।

पश्चिमी यूपी से शुरू हुई समीक्षा

विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आयोग ने पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 18 जिलों को समीक्षा के लिए चुना है। मेरठ में होने वाली यह बैठक चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें सभी जिलों की स्थिति का आकलन कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts