दिल्ली एनसीआर में आज फिर हुई बारिश

- झमाझम बारिश से मौसम हुआ खुशनुमा
नई दिल्ली (एजेंसी)।दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार के बाद शनिवार सुबह भी झमाझम बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। नोएडा सहित एनसीआर के कई इलाकों में हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जन्माष्टमी पर शुक्रवार को हुई बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई। बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हुई, जिससे वाहन चालकों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में आज सुबह हुई भारी बारिश के बाद संगम विहार, सैनिक फार्म, बसंत गांव के पास भारी जलजमाव हो गया है। उधर, भारी बारिश के कारण गीता कॉलोनी की सड़कें जलमग्न हो गईं। राजधानी में शुक्रवार को हुई तेज बारिश ने देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल आईजीआई एयरपोर्ट की व्यवस्था को भी अस्त-व्यस्त कर दिया। पालम में 75.6 मिलीमीटर बारिश के बाद टर्मिनल-2 और 3 के फोरकोर्ट में पानी भर गया। टर्मिनल-3 के बाहर हालात इतने बिगड़ गए कि पानी मुख्य इमारत के गेट तक पहुंच गया और करीब एक फुट तक जलभराव हो गया। इसका सीधा असर विमान संचालन पर पड़ा। देश-विदेश से दिल्ली आ रही 11 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि करीब 400 उड़ानें देरी से संचालित हुईं। आगमन की करीब 60 फीसदी और प्रस्थान की करीब 90 फीसदी उड़ानें प्रभावित रहीं। यात्रियों को 40 मिनट से एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

दिल्ली में दोपहर करीब ढाई बजे बारिश शुरू हुई। इसके बाद करीब दो घंटे तक लगातार तेज बारिश होती रही। महज आधे घंटे में टर्मिनल-3 के फोरकोर्ट में पानी जमा होना शुरू हो गया। बारिश का सिलसिला जारी रहने के साथ पानी बढ़ता गया और टर्मिनल की मुख्य इमारत के गेट तक पहुंच गया। फोरकोर्ट में करीब एक फुट पानी भरने से यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हो गई।
जलभराव के कारण यात्रियों को एयरसाइड जाने से भी रोकना पड़ा। करीब 40 मिनट तक यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। फोरकोर्ट से बाहर निकलने वाले यात्रियों को पानी के बीच से गुजरना पड़ा। कई यात्रियों के जूते तक पानी में भीग गए। एयरपोर्ट परिसर में जलभराव के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ती गई और दूसरी ओर उड़ानों के संचालन पर भी इसका असर पड़ता रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts