‘वर्दी जमा की, किठौर का मिला डंडा आज भी मेरे पास’
राज्यमंत्री असीम अरुण ने किसान सम्मान समारोह में सुनाया पुराना किस्सा, बोले- अपराध की तरह भ्रष्टाचार पर भी लगाएंगे लगाम
मेरठ। प्रदेश के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने किठौर से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि नवंबर 1996 में उनकी पहली पोस्टिंग एएसपी के रूप में किठौर में हुई थी। किठौर में रहते हुए पहली दबिश भी उन्होंने एक विधायक के यहां दी थी। करीब 30 वर्ष की पुलिस सेवा के बाद वर्दी जरूर जमा कर दी, लेकिन किठौर में मिला डंडा आज भी उनके पास है।
शाहजहांपुर स्थित मुमताज फार्म हाउस में आयोजित किसान सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे असीम अरुण ने कहा कि जिस तरह अपराध पर अंकुश लगाने में सफलता मिली है, उसी तरह सामूहिक प्रयास से भ्रष्टाचार पर भी लगाम लगाई जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के किसानों की प्रगतिशील सोच की सराहना करते हुए कहा कि किठौर में खेती के साथ नर्सरी व्यवसाय ने भी किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नर्सरी व्यवसाय से किसानों को पारंपरिक खेती की तुलना में कई गुना अधिक आमदनी हो रही है।
जेवर एयरपोर्ट से बढ़ेंगे बाजार के अवसर
राज्यमंत्री ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से क्षेत्र के फल, सब्जी और अन्य कृषि उत्पाद कुछ ही घंटों में बड़े बाजारों तक पहुंच सकेंगे। इससे किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध होंगे और उनकी आमदनी बढ़ाने के नए अवसर पैदा होंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जेपी गुर्जर ने कहा कि डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना भेदभाव पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में महिलाओं की सुरक्षा के क्षेत्र में भी बदलाव आया है।
कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र गुर्जर ने क्षेत्र को किसान बहुल और प्रगतिशील बताते हुए किसानों की उपलब्धियों का उल्लेख किया। कार्यक्रम को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली, पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर, जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, पूर्व विधायक रणवीर राणा सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।


No comments:
Post a Comment