कृषि विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट ड्राइव, चार छात्रों का चयन

मैनकाइंड प्राइवेट लिमिटेड ने 14 विद्यार्थियों में से चार को 25 हजार रुपये मासिक वेतन पर दिया रोजगार

मेरठ। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में मैनकाइंड प्राइवेट लिमिटेड की ओर से एक दिवसीय प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इसमें कृषि महाविद्यालय, जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय और हॉर्टिकल्चर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्लेसमेंट के लिए 14 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से कंपनी ने चार विद्यार्थियों का चयन किया। चयनित विद्यार्थियों को 25 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।

कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त के निर्देशन में आयोजित किया गया। निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट डॉ. आरएस सेंगर ने बताया कि विश्वविद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को अधिक से अधिक निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही कंपनियों के प्रतिनिधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीकी एवं व्यावहारिक ज्ञान भी दिलाया जा रहा है।

इस अवसर पर मैनकाइंड के एरिया मैनेजर कपिल मनु, शिवम वालियान, रचिन कुमार, एसोसिएट डायरेक्टर संजीव गुप्ता और डॉ. आरएस सेंगर मौजूद रहे।

जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में रंगोली और क्विज प्रतियोगिता

महिला सशक्तिकरण और विकसित भारत 2047 की थीम पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

मेरठ। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में आगामी 26वें स्थापना दिवस के तहत रंगोली और सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, सामान्य ज्ञान, टीम भावना और व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना रहा।

रंगोली प्रतियोगिता में महिला सशक्तिकरण और विकसित भारत 2047 जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता, लैंगिक समानता और देश की प्रगति को प्रदर्शित किया। टीम ए की ब्रजमोहिनी और कुसुम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए स्थान बनाया। टीम बी की स्नेहा और मुस्कान ने भी प्रभावी प्रस्तुति दी।

इसके बाद विज्ञान, प्रौद्योगिकी और समसामयिक विषयों पर क्विज प्रतियोगिता हुई। इसमें जैव प्रौद्योगिकी और सतत विकास से जुड़े सवाल पूछे गए। कड़े मुकाबले में तृतीय वर्ष के आकर्ष निर्वाण और चतुर्थ वर्ष की स्नेहा यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया।

अधिष्ठाता डॉ. आरएस सेंगर ने कहा कि साहित्यिक, सांस्कृतिक और कलात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सांस्कृतिक सचिव डॉ. नीलेश कपूर ने विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने बताया कि चयनित विद्यार्थी 2 अक्टूबर 2026 को होने वाले विश्वविद्यालय स्थापना दिवस समारोह में जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम में डॉ. अमित कुमार, डॉ. रेखा दीक्षित, डॉ. पंकज चौहान, डॉ. आकाश, डॉ. संदीप, डॉ. बुधियास सहित शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts