सुभारती विधि संस्थान में मूट कोर्ट एसोसिएशन की नई टीम गठित

पावनी अरोड़ा बनीं छात्र समन्वयक, प्रीत को सचिव और साधिका बंसल व लक्ष्य गुप्ता को संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी

मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के सरदार पटेल सुभारती विधि संस्थान में मूट कोर्ट एसोसिएशन की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। चयन प्रक्रिया निदेशक जस्टिस राजेश चंद्रा (पूर्व न्यायमूर्ति, इलाहाबाद हाईकोर्ट) के निर्देशन और संकायाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रीना बिश्नोई के मार्गदर्शन में हुई।

इस वर्ष 12 पदों के लिए 20 आवेदन प्राप्त हुए थे। विद्यार्थियों के चयन के लिए समसामयिक विषयों पर एक्सटेम्पोर प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें उनकी तार्किक क्षमता, विषय की समझ, अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास और समसामयिक मुद्दों की जानकारी का मूल्यांकन किया गया। विद्यार्थियों के प्रदर्शन, पूर्व गतिविधियों और शैक्षणिक उपलब्धियों के आधार पर पदाधिकारियों का चयन हुआ।

बीए एलएलबी चतुर्थ वर्ष की छात्रा पावनी अरोड़ा को छात्र समन्वयक, तृतीय वर्ष के छात्र प्रीत को सचिव तथा साधिका बंसल और लक्ष्य गुप्ता को संयुक्त सचिव चुना गया। कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों में वैदेही पालिवाल, सानिया अंसारी, उज़्बा, गानिया ज़फ़र, शेख़ साहिल, श्रेयांश गुप्ता, कृष्णा मलिक और राघव प्रताप सिंह शामिल हैं।

जस्टिस राजेश चंद्रा ने नवगठित टीम को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शोध, विधिक ज्ञान के व्यावहारिक विकास तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने कहा कि विधि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है। मूट कोर्ट जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में तर्क, विश्लेषण, प्रभावी अभिव्यक्ति और न्यायिक दृष्टिकोण विकसित करती हैं।

संकायाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रीना बिश्नोई ने कार्यकारिणी के सदस्यों को दायित्वों का ईमानदारी और लगन से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्रो. (डॉ.) प्रेमचंद, डॉ. सारिका त्यागी, सोनल जैन, शिवानी, मानसी, अनुराग, हर्षित, डॉ. अंजुम जहां, शालिनी गोयल और आशुतोष देशवाल सहित शिक्षक मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts