यूपी चुनाव की तैयारी में जुटी लोजपा, चौपालों से जुटा रही फीडबैक

मेरठ में प्रदेश अध्यक्ष पवन वर्मा ने कार्यकर्ताओं को दिया जनसंपर्क अभियान का लक्ष्य, 400 सीटों पर तैयारी का दावा

मेरठ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को गांव, बूथ और विधानसभा स्तर पर जनता के बीच पहुंचकर फीडबैक जुटाने तथा पार्टी की नीतियों और गतिविधियों से लोगों को जोड़ने का निर्देश दिया है।

शनिवार को कंकरखेड़ा में लोजपा पश्चिम क्षेत्र की बड़ी बैठक हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रभारी पवन वर्मा ने कार्यकर्ताओं को आगामी रणनीति की जानकारी दी। बैठक में लोजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुंवर आसिम खान का स्वागत और अभिनंदन भी किया गया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष और पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए।

26 अगस्त से शुरू हुआ महासंपर्क अभियान

पवन वर्मा ने कहा कि पार्टी ने प्रदेश की सभी 400 विधानसभा सीटों पर चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि सीटों पर अंतिम निर्णय बाद में होगा, लेकिन संगठन को हर स्तर पर तैयार रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि 26 अगस्त से शुरू हुआ महासंपर्क अभियान 28 अक्टूबर तक चलेगा।

अभियान के तहत जिलों में दलित, चाणक्य, पिछड़ा, अतिपिछड़ा और अल्पसंख्यक चौपालें आयोजित की जा रही हैं। इन चौपालों के माध्यम से विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और राजनीतिक रुझान का फीडबैक लिया जा रहा है।

विधानसभा सीटों का तैयार हो रहा डेटा

पार्टी महानगर और जिलाध्यक्षों से उनके क्षेत्रों की विधानसभा सीटों को लेकर भी जानकारी जुटा रही है। किन सीटों पर संगठन की स्थिति मजबूत है और कहां चुनाव लड़ने की संभावनाएं हैं, इसका डेटा तैयार किया जा रहा है। पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना और अधिक से अधिक लोगों को अपने साथ जोड़ना है।

पवन वर्मा ने कहा कि लोजपा स्व. रामविलास पासवान के विचारों से निकला संगठन है और समाज के पिछड़े, अतिपिछड़े तथा दलित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में शामली, आगरा, अलीगढ़, हरिद्वार, बुलंदशहर समेत अन्य जिलों में महासंपर्क अभियान चलाया जाएगा।

आसिम खान बोले- आने वाले चुनावों में खाता खोलेंगे

नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुंवर आसिम खान ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि उनका राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ था। उन्होंने बताया कि वर्ष 2000 में पार्टी गठन के समय उन्हें छात्र प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली थी। इसके बाद उन्होंने युवा और अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल और मणिपुर समेत जिन राज्यों में चुनाव होंगे, वहां पार्टी अपना राजनीतिक आधार मजबूत करेगी। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में लोजपा की हिस्सेदारी की बात भी कही।

बैठक में मेरठ जिलाध्यक्ष सुमित समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 14 जिलों के जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, पश्चिम क्षेत्र के प्रधान महासचिव राजीव गोयल, प्रदीप अरोड़ा और प्रदेश उपाध्यक्ष खुर्शीद आलम समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts