यूपी में चुनावी ताल ठोकेंगे ओवैसी, अवध से शुरू होगा दौरा
20 सितंबर से जनसंपर्क अभियान की शुरुआत, पश्चिमी यूपी की करीब 70 सीटों पर रैलियों की तैयारी; मेरठ में AIMIM ने बताया चुनावी रोडमैप
मेरठ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी 20 सितंबर से प्रदेश में चुनावी दौरों और जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करेंगे। अवध से शुरू होने वाला यह अभियान धीरे-धीरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंचेगा।
शनिवार को मेरठ के बैजल भवन में AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान ने प्रेसवार्ता कर ओवैसी के प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सितंबर में ओवैसी कानपुर और श्रावस्ती का दौरा करेंगे, जबकि अक्टूबर में आजमगढ़ समेत अन्य जिलों में कार्यक्रम होंगे। इसके बाद पश्चिमी यूपी में उनके दौरों का सिलसिला शुरू किया जाएगा।
पश्चिम की 70 सीटों पर फोकस
पार्टी की ओर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की करीब 70 विधानसभा सीटों पर विशेष फोकस करने की बात कही गई है। मेरठ, मुजफ्फरनगर समेत पश्चिम के अन्य जिलों में जनसभाएं और कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाने की तैयारी है। पार्टी का उद्देश्य चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और जनता के बीच अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करना है।
सपा पर साधा निशाना
शादाब चौहान ने समाजवादी पार्टी पर मुसलमानों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मुस्लिम मतदाताओं के समर्थन के बावजूद शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, राजनीतिक भागीदारी, सम्मान और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर अपेक्षित काम नहीं हुआ।
उन्होंने सपा नेतृत्व पर भाजपा के साथ राजनीतिक रूप से प्रतिस्पर्धा करने के बजाय 'सॉफ्ट हिंदुत्व' की राह अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि AIMIM अब मुस्लिम समाज समेत विभिन्न वर्गों के बीच जाकर अपनी राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का प्रयास करेगी।
जल्द घोषित होंगे प्रत्याशी
AIMIM ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए मेरठ समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में संभावित प्रत्याशियों से आवेदन लेना शुरू कर दिया है। किठौर विधानसभा सीट से फुरकान चौधरी का आवेदन भी पार्टी को प्राप्त हुआ है। पार्टी नेतृत्व की निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की औपचारिक घोषणा किए जाने की बात कही गई।
ये हैं ओवैसी के प्रस्तावित कार्यक्रम
- 20 सितंबर 2026 — कानपुर
- 27 सितंबर 2026 — श्रावस्ती
- 11 अक्टूबर 2026 — आजमगढ़
- अक्टूबर के अंतिम सप्ताह व नवंबर — मेरठ, मुजफ्फरनगर समेत पश्चिमी यूपी के अन्य जिलों में संभावित दौरे और जनसभाएं
प्रेसवार्ता में फुरकान चौधरी, फहीम चौधरी, शुऐब त्यागी समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment