एमडी ने बिजलीघरों का किया निरीक्षण
उद्योगपुरम, मोहिउद्दीनपुर और गोविंदपुरी उपकेंद्रों में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मेरठ। अनुरक्षण माह के तहत पीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने शनिवार को उद्योगपुरम, मोहिउद्दीनपुर मेरठ और मोदीनगर के गोविंदपुरी स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत आपूर्ति, उपकरणों के अनुरक्षण, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उद्योगपुरम उपकेंद्र में एमडी ने बरसात के दौरान जलभराव से निपटने के लिए प्रभावी इंतजाम करने को कहा। उन्होंने अनुरक्षण माह के तहत चिन्हित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा बिजलीघरों व विद्युत यार्ड में साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को भी कहा।
मोहिउद्दीनपुर उपकेंद्र में पावर ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनों की स्थिति जांचते हुए उन्होंने पावर एवं वितरण ट्रांसफार्मरों समेत अन्य उपकरणों का मानकों के अनुरूप नियमित अनुरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुरक्षण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके बाद गोविंदपुरी बिजलीघर में प्रोटेक्शन यूनिट, कंट्रोल रूम, स्विच यार्ड और विद्युत उपकरणों का निरीक्षण किया। पावर ट्रांसफार्मर के आयल, लोड समेत विभिन्न पैरामीटरों की जांच कर नियमित अनुरक्षण के निर्देश दिए। एमडी ने विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सभी अनुरक्षण कार्य प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया।


No comments:
Post a Comment