महिला की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा

परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर शव बाहर रखा, तोड़फोड़ और कर्मचारी से मारपीट का भी आरोप

मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित भाग्यश्री हॉस्पिटल में शुक्रवार देर रात महिला मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए महिला का शव अस्पताल के बाहर रखकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ और एक कर्मचारी से मारपीट का भी आरोप लगाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली।

लिसाड़ी गेट क्षेत्र के श्यामनगर निवासी मोबिना (50) की शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें भाग्यश्री हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने भर्ती कर उपचार शुरू किया। अस्पताल की ओर से मरीज को कचहरी क्षेत्र स्थित एमआरआई सेंटर भी भेजा गया। जांच के बाद उन्हें वापस अस्पताल लाया गया, जहां कुछ देर बाद परिजनों को मौत की सूचना दी गई।

मौत की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने डॉक्टर रोहित गर्ग और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल के बाहर जमा हो गए और शव रखकर विरोध जताया।

मेडिकल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस के अनुसार महिला की मौत के कारण और इलाज में लापरवाही के आरोपों की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से मिली जानकारी और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts