खेल महोत्सव में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, मैदान पर दिखी प्रतिभा की चमक

आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में क्रॉस कंट्री, फुटबॉल, कबड्डी, ताइक्वांडो और थ्रोइंग इवेंट्स का आयोजन

मेरठ। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में पंख हौसलों की उड़ान संस्था की ओर से आयोजित द्वितीय खेल महोत्सव-2026 में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। आईआईएमटी यूनिवर्सिटी, गंगानगर के मैदान में रविवार को क्रॉस कंट्री, फुटबॉल, कबड्डी, ताइक्वांडो और थ्रोइंग इवेंट्स की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि आईआईएमटी के प्रो चांसलर मयंक अग्रवाल ने कहा कि खेल महोत्सव में खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी इसकी लोकप्रियता को दर्शाती है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण पूरे समर्पण और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। आज के प्रतिभाशाली खिलाड़ी ही भविष्य में देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।



खेलों से होता है सर्वांगीण विकास

कार्यक्रम के अति विशिष्ट अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री अजय भराला ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कैंट बोर्ड की पूर्व उपाध्यक्ष वीना वाधवा ने की। उन्होंने खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के लिए पंख हौसलों की उड़ान संस्था के प्रयासों की सराहना की।

भाजपा महामंत्री विनय कुमार पाराशर ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।

शारीरिक शिक्षा विभाग के संकाय प्रमुख डॉ. वरेन्द्र सिंह पटियाल ने कहा कि पंख हौसलों की उड़ान संस्था प्रतिवर्ष खेल महोत्सव के माध्यम से प्रतिभावान खिलाड़ियों को मंच प्रदान कर रही है। यह खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में सराहनीय प्रयास है।

विभिन्न खेलों के संयोजकों ने संभाली जिम्मेदारी

खेल महोत्सव का संयोजन संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष भावना शर्मा और खेल निदेशक अशोक त्रिपाठी के निर्देशन में किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं के दौरान महिला समन्वयक दीपशिखा राघव, पराग त्यागी, थ्रोइंग इवेंट्स के संयोजक कवितपाल, अंशुली चौरसिया, कबड्डी संयोजक जयप्रकाश, राहुल प्रिया, क्रॉस कंट्री संयोजक ब्रजमोहन मावी, धीरज कुमार, फुटबॉल संयोजक सिद्धार्थ राठी, ललित कुमार, ताइक्वांडो संयोजक चंदन और ज्योति सहित अन्य मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts