पावली स्टेशन के पास हादसा, मोबाइल से हुई 18 वर्षीय नीरज की पहचान; परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
मेरठ । दिल्ली-हरिद्वार रेलवे ट्रैक पर शनिवार शाम पावली स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया गया कि युवक कान में ईयरफोन लगाए रेलवे ट्रैक से गुजर रहा था। हादसे की सूचना पर कंकरखेड़ा थाना पुलिस की हाईवे चौकी टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस से दौराला सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने युवक की पहचान के लिए उसके पास मिले मोबाइल फोन की मदद ली। हादसे में मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गया था। हाईवे चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह के अनुसार, मोबाइल से सिम निकालकर कांस्टेबल के फोन में डालने पर आयुष गिरी नाम के युवक का फोन आया। आयुष ने मृतक को अपना भाई बताया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
कुछ देर बाद कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के जिटौली निवासी सदन गिरी दौराला सीएचसी पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान अपने बेटे नीरज गिरी के रूप में की। परिजनों के अनुसार नीरज श्रद्धापुरी स्थित एक दूध डेयरी पर मजदूरी करता था। शनिवार शाम वह घर से घूमने के लिए निकला था। वह पावली स्टेशन के पास कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं थी।
परिजनों ने कार्रवाई और पोस्टमार्टम से किया इनकार
पुलिस के मुताबिक परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया और पोस्टमार्टम कराने के लिए भी सहमति नहीं दी। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

No comments:
Post a Comment