जेल अधीक्षक को ‘जान से मारने’ की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर दहशत
लगातार फोन और व्हाट्सऐप मैसेज से धमकाया, महिला बंदी के पति पर आरोप; पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
हरिद्वार। हरिद्वार जिला कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जेल अधीक्षक का आरोप है कि उन्हें लगातार धमकी भरे फोन कॉल किए गए और व्हाट्सऐप पर आपत्तिजनक संदेश भेजे गए। शिकायत के बाद सिडकुल थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला बंदी से विवाद के बाद आया धमकी का सिलसिला
बताया जा रहा है कि धमकी का आरोप जेल में बंद एक महिला के पति हिमांशु चड्ढा पर लगा है। जेल अधीक्षक के मुताबिक, कुछ समय पहले महिला बंदी और जेल स्टाफ के बीच कहासुनी हुई थी। इसके करीब डेढ़ महीने बाद महिला जेल में आई थी। करीब चार दिन पहले उसका पति उससे मिलने जेल पहुंचा। इसके बाद जेल अधीक्षक को लगातार धमकी भरे फोन और व्हाट्सऐप संदेश मिलने लगे।
जेल अधीक्षक ने मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को देते हुए लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर धमकी देने वाले व्यक्ति और उसके मोबाइल नंबर की जांच शुरू कर दी है।
कॉल डिटेल और व्हाट्सऐप मैसेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब धमकी के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल, व्हाट्सऐप संदेश और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि धमकी वास्तव में किसने दी और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल क्यों किया गया।
हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए जांच किए जाने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जेल और अधिकारियों की सुरक्षा पर भी सतर्कता
जिला कारागार को संवेदनशील जेलों में माना जाता है। वरिष्ठ जेल अधिकारी को गैंग के नाम पर धमकी मिलने के बाद जेल प्रशासन और अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धमकी की पूरी कड़ी खंगाल रही है।

No comments:
Post a Comment