मेनोपॉज के दौरान स्वास्थ्य जांच और संतुलित जीवनशैली जरूरी : विशेषज्ञ
मेरठ। मेरठ मेनोपॉज सोसाइटी की ओर से न्यूटीमा हॉस्पिटल में महिला स्वास्थ्य एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने सूर्य नमस्कार एवं योगाभ्यास किया। इस दौरान करीब 150 महिलाओं की निशुल्क बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) और 100 महिलाओं की थायराइड जांच की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को मेनोपॉज के दौरान होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलावों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। डॉ. उषा शर्मा ने बताया कि मेनोपॉज महिलाओं के जीवन की प्राकृतिक अवस्था है, लेकिन इस दौरान गर्मी लगना, नींद में परेशानी, मूड में बदलाव, वजन बढ़ना तथा हड्डियों और जोड़ों में कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। सही खानपान, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच से इन समस्याओं को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
डॉ. भारती माहेश्वरी ने मेनोपॉज के दौरान आवश्यक स्वास्थ्य जांचों की जानकारी दी। उन्होंने बीपी, ब्लड शुगर (एचबीए1सी), कोलेस्ट्रॉल, थायराइड, वजन, कमर की माप, हीमोग्लोबिन, विटामिन-डी, स्तन जांच (मैमोग्राफी), पैप स्मीयर तथा आवश्यकता पड़ने पर ईसीजी कराने की सलाह दी। डॉ. कीर्ति दुबे ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर प्रकाश डाला।
डॉ. प्रियंका गर्ग ने अपनी नियमित ओपीडी के अलावा करीब 60 से 70 महिलाओं को मेनोपॉज के दौरान होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव, हड्डियों की मजबूती, नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और जरूरी स्वास्थ्य जांचों के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में सचिव डॉ. अंजु रस्तोगी, ज्वाइंट सेक्रेटरी डॉ. कनिका सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. अर्चना गोयल और दंत विभाग की डॉ. अक्षी कंसल ने न्यूटीमा के स्टाफ के साथ 15 बार सूर्य नमस्कार किया।


No comments:
Post a Comment