कीव से ओडेसा तक रूसी बमबारी, बिजली ढांचे और रिहायशी इलाकों को नुकसान
बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला, कीव में आवासीय इमारत क्षतिग्रस्त; ओडेसा में छह लोग घायल
कीव, 29 सितंबर। यूक्रेन के कई शहरों में रूस के मिसाइल और ड्रोन हमले जारी हैं। 28-29 सितंबर की रात और मंगलवार सुबह कीव, ओडेसा समेत कई क्षेत्रों में ऊर्जा प्रतिष्ठानों, रेलवे ढांचे, कारोबारी संस्थानों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाए जाने की सूचना है। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार कीव में एक छह मंजिला आवासीय इमारत क्षतिग्रस्त हुई और एक व्यक्ति घायल हुआ।
यूक्रेनी वायुसेना के अनुसार रूस ने कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों के साथ बड़ी संख्या में ड्रोन भेजे। हमले के दौरान शहर के कई हिस्सों में नुकसान दर्ज किया गया। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि कुछ मिसाइलों को हवा में ही रोक लिया गया।
ओडेसा क्षेत्र में भी रूसी हमलों से नागरिक और बंदरगाह से जुड़ी सुविधाओं को नुकसान पहुंचा। अधिकारियों के अनुसार एक नागरिक प्रतिष्ठान में छह लोग घायल हुए, जबकि बंदरगाह ढांचे, शिक्षण संस्थान, निजी मकान और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। कीव और ओडेसा के अलावा कई अन्य क्षेत्रों में ऊर्जा सुविधाओं और सब-स्टेशनों पर भी हमलों की सूचना मिली है।
विनित्सिया क्षेत्र में रेलवे के एक बुनियादी ढांचे पर हमले के बाद 15 हजार से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की जानकारी क्षेत्रीय प्रशासन ने दी। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने 28 सितंबर को कहा था कि देशभर में उस दिन 120 से अधिक ड्रोन हमले किए गए, जिनमें बड़ी संख्या जेट-इंजन वाले ड्रोन की थी।

No comments:
Post a Comment