मायावती के रुख के बाद झुके अशोक सिद्धार्थ, आकाश आनंद के ससुर ने राजनीति से लिया संन्यास

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में चल रहे पारिवारिक और सियासी घटनाक्रम के बीच आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति और सामाजिक जीवन से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी घोषणा की।

अशोक सिद्धार्थ ने लिखा कि वह राजनीतिक और सामाजिक जीवन से संन्यास ले रहे हैं। उन्होंने मायावती के प्रति अपनी निष्ठा जताते हुए कहा कि उनका जीवन बहनजी का ऋणी है और उनके लिए जान देना भी गर्व की बात है।

मायावती ने रखी थी संन्यास की शर्त

दरअसल, आकाश आनंद की बसपा में वापसी को लेकर मायावती ने बीते दिनों स्पष्ट रुख अपनाया था। उन्होंने कहा था कि यदि अशोक सिद्धार्थ राजनीति से संन्यास लेते हैं तो आकाश आनंद को पार्टी में वापस लेने पर विचार किया जा सकता है। इसके बाद बुधवार को मायावती ने अशोक सिद्धार्थ पर तीखी टिप्पणी भी की थी।

मायावती के बयान के अगले ही दिन अशोक सिद्धार्थ की ओर से राजनीति से संन्यास की घोषणा सामने आई है। इसे आकाश आनंद के राजनीतिक भविष्य से जोड़कर देखा जा रहा है।

आकाश आनंद को कई बार किया गया था अलग

आकाश आनंद को मायावती के उत्तराधिकारी के तौर पर आगे बढ़ाया गया था, लेकिन पार्टी में उन्हें कई बार अहम जिम्मेदारियों से हटाया गया। मायावती ने अलग-अलग मौकों पर उनके खिलाफ कार्रवाई भी की। हाल के घटनाक्रम में भी आकाश आनंद को पार्टी से अलग कर दिया गया था।

अब अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से हटने के ऐलान के बाद आकाश आनंद की बसपा में वापसी की संभावनाओं को लेकर एक बार फिर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts